Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

मण्डलायुक्त की अध्यक्षता में मण्डलीय समीक्षा बैठक हुई आयोजित

 

बरेली,01मई। मण्डलायुक्त भूपेन्द्र एस. चौधरी की अध्यक्षता में कल मण्डलीय समीक्षा बैठक विकास भवन स्थित सभागार में आयोजित हुई।

बैठक में मण्डलायुक्त ने गेहूं खरीद की समीक्षा की और कहा कि वर्तमान में मंडल की स्थिति प्रदेश में दूसरे स्थान पर है, जिसे और बेहतर बनाने की आवश्यकता है। उन्होंने डिप्टी आर.एम.ओ. को निर्देश दिए कि गेहूं खरीद में और तेजी लाई जाए तथा किसानों को अधिक से अधिक प्रोत्साहित किया जाए, साथ ही सभी क्रय केन्द्रों पर बोरों आदि की शत-प्रतिशत उपलब्धता सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम के दृष्टिगत गेहूं क्रय केन्द्रों पर किसानों के लिए शुद्ध पेयजल, बैठने आदि की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

वृक्षारोपण की समीक्षा के दौरान मण्डलायुक्त ने मुख्य वन अधिकारी को निर्देश दिए कि जिन विभागों को लक्ष्य आवंटित किए गए हैं, वे उन्हें शत-प्रतिशत पूर्ण करें। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण कार्य की नियमित समीक्षा बैठकें भी आयोजित की जाएं। उन्होंने सम्बंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि एक ही स्थान पर बार-बार वृक्षारोपण न किया जाए और जिन स्थानों पर पौधारोपण किया जाए, वहां जियो टैगिंग अनिवार्य रूप से कराते हुए पोर्टल पर अपलोड किया जाए। कुछ विभागों द्वारा अब तक कार्ययोजना प्रस्तुत न करने पर मण्डलायुक्त ने नाराजगी व्यक्त करते हुए शीघ्र उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

मण्डलायुक्त ने शिक्षा विभाग की समीक्षा करते हुए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को “स्कूल चलो अभियान” के अंतर्गत जनपद स्तर पर व्यापक कार्यक्रम चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक बच्चों का चिन्हांकन कर उन्हें विद्यालयों में पंजीकरण कराया जाए। उन्होंने कहा कि किसी एक विद्यालय का निरीक्षण कर वास्तविक स्थिति का आकलन कर नामांकन की स्थिति को देखा जाए।

बैठक में कृषि विभाग की समीक्षा में उपनिदेशक कृषि को निर्देश दिए गए कि फार्मर रजिस्ट्री में जिन किसानों का पंजीकरण हो चुका है, उसे अनिवार्य रूप से पोर्टल पर अपलोड किया जाए। स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान आयुष्मान कार्ड निर्माण की धीमी प्रगति पर असंतोष व्यक्त करते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारियों को इसमें शीघ्र सुधार लाने के निर्देश दिए गए। उन्होंने हीट वेव को देखते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं तत्काल पूर्ण करने के निर्देश दिए।

बैठक में पाया गया कि बदायूं जनपद में डेंगू एवं मलेरिया के मामले अधिक हैं, जिस पर मण्डलायुक्त ने मुख्य चिकित्साधिकारी बदायूं को निर्देश दिए कि जनजागरूकता अभियान चलाकर इन पर प्रभावी नियंत्रण किया जाए। मण्डलायुक्त ने जिलाधिकारी बदायूं, पीलीभीत और शाहजहांपुर को निर्देश दिए कि सभी अल्ट्रासाउंड केंद्रों का निरीक्षण कर उनकी वैधता की जांच सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता पर रोक लगाई जा सके।

मण्डलायुक्त ने मुख्य चिकित्साधिकारियों को निर्देश दिए कि टीकाकरण को बढ़ाया जाए तथा सभी आंकड़ों की समय से पोर्टल पर फीडिंग सुनिश्चित कर स्थिति में शीघ्र सुधार लाया जाए।

बैठक में जिलाधिकारी बदायूं अवनीश कुमार राय, जिलाधिकारी शाहजहांपुर धर्मेंद्र प्रताप सिंह, जिलाधिकारी पीलीभीत ज्ञानेंद्र सिंह सहित समस्त मंडल स्तरीय अधिकारीगण उपस्थित रहे

बरेली से अखिलेश चन्द्र सक्सेना की रिपोर्ट

---------------------------------------------------------------------------------------------------