बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय में हुआ द्विदिवसीय नवभारत लोकमंथन 2.0 संसदीय वाद - विवाद प्रतियोगिता का उद्घाटन

बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय में दिनांक 5 मई को विधि विभाग द्वारा ‘लोकतंत्र, राजनीति और पारदर्शिता’ विषय पर आयोजित आयोजित नवभारत लोकमंथन 2.0 संसदीय वाद - विवाद प्रतियोगिता का उद्घाटन किया गया। यह प्रतियोगिता विश्वविद्यालय कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल के संरक्षण तथा विधि विभाग की विभागाध्यक्ष प्रो. सुदर्शन वर्मा के मार्गदर्शन में आयोजित की जा रही है। कार्यक्रम के दौरान मुख्य तौर पर विधि अध्ययन विद्यापीठ के संकायाध्यक्ष प्रो. संजीव कुमार चढ्ढा उपस्थित रहे। इस प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय के विभिन्न संकायों के 60 से भी अधिक प्रतिभागियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया।
विभागाध्यक्ष प्रो. सुदर्शन वर्मा ने प्रतिभागियों को वाद-विवाद प्रतियोगिता जैसे बौद्धिक एवं अभिव्यक्ति-प्रधान मंचों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं न केवल विद्यार्थियों के आत्मविश्वास को सुदृढ़ करती हैं, बल्कि उनकी तर्कशक्ति, विश्लेषण क्षमता और विचारों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने की कला का भी विकास करती हैं। साथ ही, यह मंच विद्यार्थियों को विभिन्न विषयों पर गहन चिंतन करने, अपने दृष्टिकोण को स्पष्ट रूप से रखने तथा स्वस्थ प्रतिस्पर्धा के माध्यम से व्यक्तित्व विकास का अवसर प्रदान करता है।
संकायाध्यक्ष प्रो. संजीव कुमार चढ्ढा ने अपने संबोधन में कहा कि युवा ही हमारे देश का भविष्य हैं, जो आगे चलकर महान नेता, शिक्षक एवं विभिन्न क्षेत्रों के जिम्मेदार नागरिक बनेंगे। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि विद्यार्थियों के विचारों को समझना, उन्हें सही मार्गदर्शन देना और उनकी सोच को सकारात्मक दिशा प्रदान करना शिक्षकों का नैतिक दायित्व है, ताकि वे एक सशक्त और जागरूक समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें।
प्रतियोगिता के दौरान विभिन्न सत्रों का आयोजन किया गया, जिनमें प्रतिभागियों ने अपने विचार, शोध एवं तर्क प्रस्तुत किए जिनका मूल्यांकन विभिन्न विशेषज्ञों द्वारा किया गया।
प्रतियोगिता का फाइनल चरण 6 मई को आयोजित किया जायेगा तथा समापन सत्र के दौरान विजेताओं को पुरस्कृत किया जायेगा।
कार्यक्रम के दौरान डॉ. अनीस अहमद, डॉ. सूफिया अहमद, डॉ. मुजीबुर्रहमान, अन्य शिक्षक, शोधार्थी, प्रतिभागी एवं विद्यार्थी मौजूद रहे।


