Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

बाराबंकी में दर्दनाक हादसा, चलते ट्रैक्टर-ट्रॉली पर गिरा विशाल पेड़, दो लोगों की मौके पर मौत

बाराबंकी: उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में गुरुवार देर रात बड़ा हादसा हो गया। टिकैतनगर क्षेत्र में बेलसर-टिकैतनगर मार्ग पर अचानक एक विशाल पेड़ ट्रैक्टर-ट्रॉली पर गिर पड़ा, जिससे उसमें सवार दो लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

पुलिस के मुताबिक हादसा मेहंदीपुर गांव के पास हुआ, जहां सड़क किनारे खड़ा बड़ा पेड़ अचानक ट्रैक्टर-ट्रॉली पर आ गिरा। पेड़ गिरते ही ट्रॉली पूरी तरह दब गई और उसमें बैठे लोग उसकी चपेट में आ गए। हादसा इतना भयावह था कि दोनों लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

स्थानीय लोगों ने तुरंत दी पुलिस को सूचना

घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। काफी मशक्कत के बाद दोनों शवों को बाहर निकाला गया।

मृतकों की हुई पहचान

पुलिस ने बताया कि हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान लाल रावत और विकास के रूप में हुई है। दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

आंधी और खराब मौसम बना हादसे की वजह

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार क्षेत्र में खराब मौसम और तेज हवाओं के चलते पेड़ गिरने की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------