उत्तर प्रदेश

समाजवादी पार्टी कार्यालय में मनाई गई लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की 301वीं जयंती, नेताओं ने किया नमन

लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव तथा प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल के निर्देशन में रविवार को समाजवादी पार्टी जिला कार्यालय में लोकमाता राजमाता अहिल्याबाई होल्कर की 301वीं जयंती श्रद्धा, सम्मान और उत्साह के साथ मनाई गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष अरशद हुसैन ने की। इस अवसर पर पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने राजमाता अहिल्याबाई होल्कर के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके आदर्शों को याद किया।

अहिल्याबाई होल्कर को बताया न्याय और सुशासन की प्रतीक

गोष्ठी को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष अरशद हुसैन ने कहा कि राजमाता अहिल्याबाई होल्कर न्यायप्रियता, कुशल प्रशासन और महिला सशक्तिकरण की अद्वितीय मिसाल थीं। उन्होंने कहा कि एक साधारण परिवार से निकलकर विपरीत परिस्थितियों में शासन की बागडोर संभालना और प्रजा को अपनी संतान मानकर सेवा करना उनके असाधारण व्यक्तित्व को दर्शाता है।

उन्होंने कहा कि अहिल्याबाई होल्कर ने केवल मालवा क्षेत्र के विकास में ही महत्वपूर्ण योगदान नहीं दिया, बल्कि देशभर में मंदिरों, घाटों, तालाबों और धर्मशालाओं का निर्माण कराकर भारतीय संस्कृति और सामाजिक विरासत के संरक्षण में ऐतिहासिक भूमिका निभाई।

सामाजिक न्याय की स्थापना को बताया सच्ची श्रद्धांजलि

जिला अध्यक्ष ने कहा कि वर्तमान समय में समाज के दबे-कुचले, शोषित और वंचित वर्गों को उनका अधिकार दिलाना तथा न्यायपूर्ण समाज की स्थापना करना ही राजमाता अहिल्याबाई होल्कर के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा से सामाजिक न्याय, समानता और हर वर्ग के सम्मान की लड़ाई लड़ती रही है तथा भविष्य में भी उनके आदर्शों पर चलते हुए यह संघर्ष जारी रहेगा।

राजमाता के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का लिया संकल्प

कार्यक्रम का संचालन जिला प्रवक्ता जावेद अख्तर मंटू ने किया। इस दौरान उपस्थित नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सर्वसम्मति से राजमाता अहिल्याबाई होल्कर के आदर्शों और विचारों को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में जिला महासचिव राजेश यादव, विधानसभा अध्यक्ष शिव संपत सिंह, हाजी मोहम्मद जकी, मोहम्मद अफजल खां, संजय साहू, शाहिद खान, फरहान सिद्दीकी, बृजेश यादव, सोमनाथ तिवारी, शब्बीर अहमद, धर्मेंद्र साहू, हीरा लाल सागर, मोहम्मद रफीम, अंकित सम्राट, अनिल तिवारी, सतीश तिवारी, विनोद यादव, माधव राज यादव, जावेद, नबील खान सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, विभिन्न प्रकोष्ठों के अध्यक्ष और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------