Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

जिलाधिकारी ने नवीन फॉरेंसिक साइंस लैब भवन का किया निरीक्षण और सुरक्षा व्यवस्थाओं का लिया जायजा

 

 

बरेली, 04 जून। जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने आज ग्राम खलीलपुर, रामपुर रोड क्रॉसिंग स्थित राजकीय निर्माण निगम द्वारा निर्मित नवीन विधि विज्ञान प्रयोगशाला (फॉरेंसिक साइंस लैब) भवन का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने भवन की गुणवत्ता, संरचनात्मक व्यवस्था, सुरक्षा मानकों तथा विभिन्न प्रयोगशाला कक्षों का अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से भवन निर्माण की अवधि एवं उपलब्ध कराई गई सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की।

जिलाधिकारी ने कहा कि नवीन विधि विज्ञान प्रयोगशाला का जल्द से जल्द से सम्बंधित विभाग को हैण्डओवर कर दिया जाए, जिससे प्रयोगशाला अपराधों की वैज्ञानिक जांच को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी तथा इससे जांच प्रक्रिया अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं समयबद्ध होगी तथा अपराधों के शीघ्र खुलासे में सहायता मिलेगी।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने प्रयोगशाला भवन का हैण्डओवर लंबित होने के संबंध में जानकारी ली, जिस पर संबंधित अधिकारियों द्वारा अवगत कराया गया कि हैण्डओवर के लिए निदेशालय को पत्र भेजा गया है तथा अनुमति प्राप्त होते ही समिति गठित कर हैण्डओवर की आवश्यक कार्यवाही पूर्ण की जाएगी।

जिलाधिकारी ने भवन में स्थापित विद्युत, जलापूर्ति, अग्नि सुरक्षा, अभिलेख संरक्षण एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देश दिए कि भवन संचालन से पूर्व सभी व्यवस्थाओं का परीक्षण सुनिश्चित किया जाए तथा किसी भी प्रकार की कमी पाए जाने पर उसे दूर किया जाए और अनिवार्य रूप से जल्द से जल्द हेंडओवर कराया जाये।

निरीक्षण के दौरान राजकीय निर्माण निगम के अधिकारी, संबंधित विभागों के अधिकारी, तकनीकी विशेषज्ञ एवं अन्य कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

बरेली से अखिलेश चन्द्र सक्सेना की रिपोर्ट

---------------------------------------------------------------------------------------------------