Wednesday, July 8, 2026
Latest:
विदेश

बांग्लादेश में NCP की छात्र रैली में बम धमाका, 3 लोग घायल; ढाका के पास सावर में मचा हड़कंप

ढाका: बांग्लादेश की राजधानी ढाका के पास स्थित सावर इलाके में नेशनल सिटिजन पार्टी (एनसीपी) की रैली के दौरान सोमवार रात बम धमाका हो गया। न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, इस विस्फोट में कम से कम तीन लोग घायल हुए हैं। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

छात्रों के नेतृत्व में निकाली जा रही थी रैली

बताया गया है कि नेशनल सिटिजन पार्टी की इस रैली का नेतृत्व पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना का विरोध कर रहे छात्र कर रहे थे। एनसीपी ने सोमवार रात जारी बयान में कहा कि सावर थाना स्टैंड ईदगाह मैदान में चल रही रैली के दौरान रात करीब 9:45 बजे आतंकवादियों ने बम हमला किया।

इन मांगों को लेकर आयोजित की गई थी रैली

एनसीपी के अनुसार, यह रैली जनमत संग्रह लागू करने, रोजगार के अवसर बढ़ाने, बिजली संकट का समाधान, महंगाई पर नियंत्रण और सीमा सुरक्षा को मजबूत करने जैसी मांगों को लेकर आयोजित की गई थी।

पार्टी ने जुलाई महीने में पूरे देश में मार्च निकालने का ऐलान किया था। यह कार्यक्रम पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के खिलाफ छात्रों के आंदोलन की दूसरी बरसी के अवसर पर आयोजित किया जा रहा है।

शेख हसीना के प्रत्यर्पण पर भी बनी हुई है नजर

इस बीच, भारत के विदेश मंत्रालय ने इसी वर्ष 17 अप्रैल को कहा था कि बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के प्रत्यर्पण को लेकर मिले औपचारिक अनुरोध की तय कानूनी और न्यायिक प्रक्रियाओं के तहत समीक्षा की जा रही है।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा था कि भारत इस मामले में निर्धारित कानूनी प्रक्रिया का पालन कर रहा है। यह बयान ऐसे समय आया था, जब ‘जुलाई क्रांति’ के बाद बांग्लादेश में बने नए राजनीतिक परिदृश्य के बीच भारत और ढाका की नई सरकार के संबंधों पर भी लगातार नजर बनी हुई है।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------