जिलाधिकारी की अध्यक्षता में एन.आर. एल. एम. की जिला स्तरीय समन्वय समिति की समीक्षा बैठक हुई सम्पन्न

बरेली, 11 जुलाई। जिलाधिकारी अविनाश सिंह की अध्यक्षता में विगत दिवस जिला स्तरीय समन्वय समिति की समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट स्थित सभागार में सम्पन्न हुई।

बैठक में अवगत कराया गया कि 5 लाख 66 हजार परिवारों के संतृप्तिकरण के लक्ष्य के सापेक्ष अप्रैल 2026 से अब तक 27028 परिवारों का संतृप्तिकरण किया जा चुका है। वहीं वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए जनपद में 26883 स्वयं सहायता समूहों के गठन का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि ग्रामों में जिन महिलाओं के राशन कार्ड बने हुए हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर स्वयं सहायता समूहों से जोड़ा जाए, जिससे उन्हें स्वरोजगार एवं आजीविका संवर्धन योजनाओं का लाभ मिल सके। उन्होंने विकास खंड बहेड़ी में कार्य प्रगति संतोषजनक न पाए जाने पर संबंधित बीएमएम को तत्काल हटाने तथा डीएमएम का स्पष्टीकरण जारी करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने प्रतिदिन के आधार पर लक्ष्य निर्धारित कर कार्य में तेजी लाने को कहा। बैठक में विकास खंडवार समूह गठन की प्रगति की भी समीक्षा की गई और प्रति ग्राम पंचायत प्रति माह न्यूनतम पांच समूहो का गठन करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में अवगत कराया गया कि ग्रामीण विकास मंत्रालय, भारत सरकार के डे-एनआरएलएम कार्यक्रम के अंतर्गत देशभर में स्वयं सहायता समूहों की तीन करोड़ महिला सदस्यों की वार्षिक आय को कम से कम एक लाख रुपये या उससे अधिक तक पहुंचाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिसे आगामी तीन वर्षों में लखपति महिला कार्यक्रम के माध्यम से प्राप्त किया जाना है।

बैठक में अवगत कराया गया कि जनपद बरेली को लखपति महिला कार्यक्रम योजना के अंतर्गत 58056 महिला समूह सदस्यों की आय में सम्मानजनक वृद्धि करने का लक्ष्य आवंटित किया गया है। इसके लिए महिलाओं को कृषि एवं गैर-कृषि आधारित आजीविका गतिविधियों में तकनीकी प्रशिक्षण एवं कौशल विकास प्रदान किया जाएगा, ताकि लखपति दीदी कार्यक्रम को सफलतापूर्वक क्रियान्वित किया जा सके।
इसी के साथ बताया गया कि जनपद में 31 प्रेरणा कैंटीन वर्तमान में संचालित है और 9 मॉडल प्रेरणा कैंटीन संचालित कराने का लक्ष्य इस बार शासन से आया है, जिसके सापेक्ष बहेड़ी, फरीदपुर, मझगंवा, नवाबगंज में स्थान चयनित कर लिया गया है शीघ्र कैंटीने खोली जाएंगी।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी देवयानी, परियोजना निदेशक डीआरडीए, डीसी एनआरएलएम, समस्त खण्ड विकास अधिकारी/एनआरएलएम सहित सम्बंधित अधिकारीगण उपस्थित रहै। बरेली से अखिलेश चन्द्र सक्सेना की रिपोर्ट
