बीबीएयू में यूजी और डिप्लोमा प्रवेश के लिए ऑनलाइन पंजीकरण शुरू, 30 जुलाई तक करें आवेदन
![]()
लखनऊ: बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय (बीबीएयू) ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के स्नातक (यूजी) एवं डिप्लोमा कार्यक्रमों में प्रवेश के लिए ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया शुरू कर दी है। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) द्वारा आयोजित सीयूईटी-यूजी परीक्षा के परिणाम घोषित होने के बाद पात्र अभ्यर्थी विश्वविद्यालय के प्रवेश पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं।

विश्वविद्यालय प्रशासन ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि आवेदन करने से पहले विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर उपलब्ध यूजी प्रवेश प्रॉस्पेक्टस 2026-27 और छात्रावास (हॉस्टल) मैनुअल का ध्यानपूर्वक अध्ययन करें, ताकि प्रवेश प्रक्रिया के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो।
30 जुलाई तक सामान्य आवेदन, 5 अगस्त तक विलंब शुल्क के साथ मौका
बीबीएयू के अनुसार ऑनलाइन पंजीकरण की अंतिम तिथि 30 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है। जिन अभ्यर्थियों से निर्धारित समय में आवेदन नहीं हो पाएगा, उन्हें 5 अगस्त 2026 तक विलंब शुल्क के साथ आवेदन करने का अवसर मिलेगा। इस अवधि में सभी श्रेणी के अभ्यर्थियों को 1000 रुपये अतिरिक्त विलंब शुल्क का भुगतान करना होगा।
जानिए कितना है आवेदन शुल्क

विश्वविद्यालय ने अनारक्षित (यूआर), अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) के अभ्यर्थियों के लिए पंजीकरण शुल्क 500 रुपये निर्धारित किया है। वहीं, अनुसूचित जाति (एससी), अनुसूचित जनजाति (एसटी) और दिव्यांग (पीडब्ल्यूडी) श्रेणी के अभ्यर्थियों के लिए आवेदन शुल्क 300 रुपये रखा गया है।
प्रवेश संबंधी जानकारी के लिए उपलब्ध कराई गई सहायता
प्रवेश प्रक्रिया से संबंधित किसी भी जानकारी या सहायता के लिए अभ्यर्थी संबंधित विभाग से संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा विश्वविद्यालय के टोल-फ्री नंबर 1800-180-5789 और ई-मेल admission@bbau.ac.in के माध्यम से भी जानकारी प्राप्त की जा सकती है। विश्वविद्यालय ने सभी पात्र अभ्यर्थियों से निर्धारित समय-सीमा के भीतर ऑनलाइन पंजीकरण कर प्रवेश प्रक्रिया में शामिल होने की अपील की है।
