Thursday, July 16, 2026
Latest:
Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

देवीपाटन मंडल के दो जिलों की आयुक्त ने की सराहना, श्रावस्ती के ‘किसान चकरोड मुक्त अभियान’ और बलरामपुर की स्टडी टेबल पहल बनी मिसाल

गोण्डा: देवीपाटन मंडल की आयुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल ने जून माह की प्रगति रिपोर्ट के आधार पर मंडल के चारों जिलों गोण्डा, बहराइच, श्रावस्ती और बलरामपुर के कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान जनहित और शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रदर्शन करने पर श्रावस्ती और बलरामपुर जिला प्रशासन की विशेष रूप से सराहना की गई। आयुक्त ने दोनों जिलों के जिलाधिकारियों और मुख्य विकास अधिकारियों को प्रशंसा पत्र भेजते हुए उनके प्रयासों को सुशासन और परिणाम आधारित प्रशासन का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।

‘किसान चकरोड मुक्त अभियान’ में श्रावस्ती रहा अव्वल

आयुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल ने श्रावस्ती की जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग और मुख्य विकास अधिकारी शाहिद की सराहना करते हुए कहा कि किसानों की सुविधा और ग्रामीण क्षेत्रों में सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से चलाए गए ‘किसान चकरोड मुक्त अभियान’ में जिले ने उत्कृष्ट कार्य किया है।

उन्होंने बताया कि 30 जून तक की प्रगति रिपोर्ट के अनुसार चकरोडों के सीमांकन, अतिक्रमण हटाने, मिट्टी पटाई, खड़ंजा और इंटरलॉकिंग निर्माण जैसे कार्यों में श्रावस्ती ने देवीपाटन मंडल के चारों जिलों में पहला स्थान हासिल किया है। उन्होंने इसे प्रभावी कार्ययोजना, नियमित निगरानी और जनहित के प्रति प्रशासन की प्रतिबद्धता का परिणाम बताया।

बलरामपुर की स्टडी टेबल योजना की भी हुई सराहना

आयुक्त ने बलरामपुर के जिलाधिकारी विपिन जैन और मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु गुप्ता को शिक्षा क्षेत्र में किए गए नवाचारों के लिए भी प्रशंसा पत्र भेजा। उन्होंने बताया कि जिले में बेसिक शिक्षा विभाग के 1,817 परिषदीय प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों के 16,155 छात्र-छात्राओं को फोल्डेबल स्टडी टेबल उपलब्ध कराए गए हैं।

आयुक्त के अनुसार इस पहल से विद्यार्थियों को बेहतर अध्ययन सुविधा मिली है, शिक्षा के प्रति उनकी रुचि बढ़ी है और विद्यालयों में उपस्थिति तथा ठहराव में भी उल्लेखनीय सुधार दर्ज किया गया है।

शिक्षा में शीर्ष प्रदर्शन करने वालों में शामिल हुआ बलरामपुर

दुर्गा शक्ति नागपाल ने कहा कि इन प्रयासों के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। पिछले माह बलरामपुर ने शिक्षा के क्षेत्र में उत्तर प्रदेश के शीर्ष पांच जिलों में स्थान प्राप्त किया, जबकि देवीपाटन मंडल के चारों जिलों में भी सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि आकांक्षी जिला होने के बावजूद बलरामपुर ने नवाचार और प्रभावी क्रियान्वयन के माध्यम से शिक्षा की गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार किया है।

मंडल की प्रगति रिपोर्ट में सामने आए आंकड़े

जून माह की रिपोर्ट के अनुसार देवीपाटन मंडल के चारों जिलों में कुल 2,456 अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। इसके अलावा 498 चकमार्गों पर मिट्टी पटाई, खड़ंजा और इंटरलॉकिंग का कार्य कराया गया। धारा 67 के तहत चकमार्ग अतिक्रमण से जुड़े 113 प्रकरण दर्ज किए गए, जबकि 24 वादों का निस्तारण किया गया।

जनहित के कार्यों को बताया सुशासन की पहचान

आयुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल ने कहा कि प्रशासन की सफलता का वास्तविक मूल्यांकन योजनाओं के संचालन से नहीं, बल्कि आम जनता के जीवन में आए सकारात्मक बदलाव से होता है। उन्होंने कहा कि श्रावस्ती में किसानों और ग्रामीणों को बेहतर आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराना तथा बलरामपुर में विद्यार्थियों के लिए गुणवत्तापूर्ण शैक्षिक वातावरण तैयार करना इसी सोच का परिणाम है। उन्होंने दोनों जिलों के अधिकारियों से भविष्य में भी नवाचार, जनसेवा और सुशासन की इसी भावना के साथ कार्य करने की अपेक्षा जताई।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------