Thursday, July 16, 2026
Latest:
Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

गोण्डा में अधिवक्ताओं का उग्र प्रदर्शन, तहसील प्रशासन पर भ्रष्टाचार और घूसखोरी के आरोप; डीएम को सौंपा मांगपत्र

गोण्डा: तहसील गोण्डा सदर में अधिवक्ताओं के साथ कथित दुर्व्यवहार, मुकदमों के निस्तारण में देरी, टालमटोल और भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर गुरुवार को बार एसोसिएशन गोण्डा और सिविल बार एसोसिएशन के बैनर तले हजारों अधिवक्ताओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। अधिवक्ताओं ने कलेक्ट्रेट परिसर से जुलूस निकालते हुए सिविल न्यायालय, तहसील परिसर और जिलाधिकारी कार्यालय तक मार्च किया तथा भ्रष्टाचार और घूसखोरी के खिलाफ नारेबाजी की।

प्रदर्शन के बाद जिलाधिकारी कार्यालय परिसर में आयोजित सभा में अधिवक्ताओं ने तहसील और न्यायालयों में व्याप्त कथित भ्रष्टाचार तथा अधिकारियों के व्यवहार पर नाराजगी जताते हुए तत्काल प्रभावी कार्रवाई की मांग की।

अधिवक्ताओं ने लगाए गंभीर आरोप

सभा को संबोधित करते हुए पूर्व अध्यक्ष विन्देश्वरी प्रसाद दूबे, माधवराज मिश्र, राम बुझारथ द्विवेदी, संगम लाल द्विवेदी, कौशल किशोर पाण्डेय, गनेश कुमार श्रीवास्तव, जगन्नाथ शुक्ल, मनोज कुमार सिंह, अजीत कुमार श्रीवास्तव और सच्चिदानन्द पाण्डेय सहित अन्य वक्ताओं ने आरोप लगाया कि तहसील और न्यायालयों में मुकदमों के निस्तारण में अनावश्यक देरी की जा रही है तथा भ्रष्टाचार और घूसखोरी पर प्रभावी अंकुश नहीं लगाया जा रहा है।

जिलाधिकारी को सौंपी लंबित मामलों की सूची

जुलूस और सभा के बाद बार एसोसिएशन गोण्डा के अध्यक्ष रविचन्द्र त्रिपाठी, सिविल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष विजय प्रकाश त्रिपाठी, दोनों संगठनों के महामंत्रियों तथा प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने तहसील सदर में वर्षों से लंबित पड़े सैकड़ों मुकदमों की सूची जिलाधिकारी को सौंपते हुए मामलों के शीघ्र निस्तारण और सुनवाई में विलंब के लिए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

1 अगस्त तक कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी

अधिवक्ताओं ने अपने मांगपत्र में चेतावनी दी कि यदि 1 अगस्त 2026 तक तहसील गोण्डा सदर से जुड़े मामलों और लंबित मुकदमों के निस्तारण में देरी के कारणों तथा उन पर की गई कार्रवाई की जानकारी बार एसोसिएशन को नहीं दी गई, तो इसके बाद पुनः बैठक कर व्यापक आंदोलन की रणनीति बनाई जाएगी। अधिवक्ताओं ने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर तहसील और अन्य न्यायालयों में व्याप्त कथित भ्रष्टाचार तथा अधिकारियों के दुर्व्यवहार के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ी जाएगी।

बार एसोसिएशन पदाधिकारियों ने किया नेतृत्व

प्रदर्शन और प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व बार एसोसिएशन गोण्डा के अध्यक्ष रविचन्द्र त्रिपाठी और सिविल बार एसोसिएशन गोण्डा के अध्यक्ष विजय प्रकाश त्रिपाठी ने किया। कार्यक्रम का संचालन बार एसोसिएशन के महामंत्री सुनील कुमार पाण्डेय और सिविल बार एसोसिएशन के महामंत्री गौरी शंकर चतुर्वेदी ने किया।

प्रदर्शन में बड़ी संख्या में अधिवक्ता शामिल हुए और तहसील प्रशासन के खिलाफ अपनी मांगों को लेकर एकजुटता का प्रदर्शन किया।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------