Thursday, July 16, 2026
Latest:
Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

रुहेलखण्ड विश्वविद्यालय में आयोजित निबंध लेखन प्रतियोगिता : युवा पीढ़ी में गहन चिंतन और तार्किक विश्लेषण क्षमता विकास में ऐसी प्रतियोगिताएं सहायक : प्रो.के.पी.सिंह, कुलपति

बरेली,15 जुलाई। महात्मा ज्योतिबा फुले रूहेलखण्ड विश्वविद्यालय, बरेली के 24वें दीक्षांत समारोह के उपलक्ष्य में महामहिम कुलाधिपति एवं उत्तर प्रदेश की राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल जी की प्रेरणा तथा माननीय कुलपति प्रो. के.पी. सिंह जी के मार्गदर्शन में विश्वविद्यालय सांस्कृतिक केन्द्र द्वारा महाविद्यालयों एवं विश्वविद्यालय परिसर के छात्र- छात्राओं के लिए निबंध लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता के विषय जनभवन लखनऊ द्वारा ही निर्धारित किए गए थे, जिन पर विद्यार्थियों ने अत्यंत गंभीरता, मौलिकता एवं रचनात्मक दृष्टिकोण के साथ अपने विचार प्रस्तुत किए। यह विषय भारत एवं विश्व की अर्थव्यवस्था, भारत एवं राज्य सरकार द्वारा किये गए अच्छे कार्य तथा पिछले 10 वर्षों में विश्वविद्यालय/ संस्थान में चिकित्सा, कृषि, शिक्षा, टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में किए गए विशिष्ट कार्य आदि से संबंधित रहे।
इस प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में लेखन कौशल, तार्किक चिंतन और समसामयिक विषयों के प्रति जागरूकता का विकास करना था। प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने निर्धारित विषयों पर अपने ज्ञान, विश्लेषणात्मक क्षमता एवं अभिव्यक्ति कौशल का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। इस अवसर पर माननीय कुलपति प्रो. के.पी. सिंह के अनुसार , गोद लिए गए गांवों के प्राथमिक से इंटरमीडिएट स्तर के विद्यार्थियों के साथ इस वर्ष सम्बद्ध महाविद्यालयों एवं विश्वविद्यालय परिसर के विद्यार्थियों के लिए निबंध लेखन प्रतियोगिता आयोजित करने के निर्देश जन भवन से प्राप्त हुए है। गोद लिए गए गांवों में विद्यालयी स्तर पर सभी सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं और गतिविधियां सफलतापूर्वक संपन्न हो चुकी है। अब विश्वविद्यालय और महाविद्यालय स्तर पर निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया है जो छात्र- छात्राओं के बौद्धिक एवं रचनात्मक विकास का प्रभावी माध्यम बना। युवा पीढ़ी में गहन चिंतन, तार्किक विश्लेषण एवं प्रभावशाली अभिव्यक्ति के लिए ऐसी प्रतियोगिताएँ सहायक सिद्ध होती है और विद्यार्थियों में राष्ट्रीय चेतना, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं सकारात्मक दृष्टिकोण भी विकसित करती हैं।
सांस्कृतिक समन्वयक डॉ. ज्योति पाण्डेय ने बताया कि संबद्ध
राजकीय, अनुदानित, संघटक एवं स्ववित्तपोषित महाविद्यालयों को इस संबंध में पूर्व में ही निर्देश जारी किए गए थे। महाविद्यालयों द्वारा प्रतियोगिता आयोजित कर इसकी रिपोर्ट भी सांस्कृतिक केंद्र को दिए गए ई-मेल पर लगातार भेजी जा रही है। रिपोर्ट भेजने की अंतिम तिथि 17 जुलाई 2026 है। निबंध प्रतियोगिता की विस्तृत आख्या जनभवन भेजी जाएगी। इस प्रतियोगिता में महाविद्यालयों एवं विश्वविद्यालय परिसर के छात्र-छात्राओं ने अत्यंत उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए उत्कृष्ट लेखन प्रतिभा का परिचय दिया। निबंध
प्रतियोगिता के सफल आयोजन में कुलसचिव श्री महेंद्र कुमार, सांस्कृतिक समन्वयक डॉ. ज्योति पाण्डेय, डॉ. इंदरप्रीत कौर, डॉ. रीना पंत और महाविद्यालयों के प्राचार्यों और शिक्षकों का विशेष सहयोग रहा।

बरेली से अखिलेश चन्द्र सक्सेना की रिपोर्ट

---------------------------------------------------------------------------------------------------