महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखण्ड विश्वविद्यालय, बरेली में ब्लॉकचेन और IoT पर पीएच.डी. शोध प्रस्तुति संपन्न

बरेली,28 जुलाई। महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखण्ड विश्वविद्यालय, बरेली के कंप्यूटर साइंस एवं सूचना प्रौद्योगिकी (CSIT) विभाग में पीएच.डी. शोधार्थी श्री विनय मौर्य ने अपने शोध कार्य “Blockchain Integrated Framework for Optimized Task Allocation in IoT Networks” (IoT नेटवर्क में अनुकूलित कार्य आवंटन हेतु ब्लॉकचेन एकीकृत ढाँचा) पर आधारित शोध प्रस्तुति सफलतापूर्वक प्रस्तुत की। यह शोध प्रस्तुति विभागाध्यक्ष प्रो. विनय ऋषिवाल के मार्गदर्शन में आयोजित की गई।

श्री मौर्य ने अपनी प्रस्तुति में इंटरनेट ऑफ थिंग्स (IoT) नेटवर्क में कार्य आवंटन से जुड़ी प्रमुख चुनौतियों, जैसे—सुरक्षा कमजोरियाँ, संसाधनों का अकुशल उपयोग और ऊर्जा अक्षमता—पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि उनके द्वारा विकसित नवीन ब्लॉकचेन-आधारित फ्रेमवर्क इन समस्याओं का समाधान करते हुए नेटवर्क की विश्वसनीयता, पारदर्शिता, ऊर्जा दक्षता और सुरक्षा में सुधार करता है। यह मॉडल संसाधनों के प्रभावी उपयोग को बढ़ावा देने के साथ-साथ कार्य निष्पादन को अधिक विश्वसनीय एवं भरोसेमंद बनाने में सहायक है।
श्री विनय मौर्य का शोध कार्य राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उल्लेखनीय रहा है। उन्होंने अब तक 7 से अधिक एससीआईई (SCIE) अनुक्रमित शोध-पत्र प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय जर्नलों में प्रकाशित किए हैं, जिनमें प्रमुख हैं:
Elsevier का Internet of Things journal (Impact Factor: 7.6)
Springer Link का Peer-to-Peer Networking and Applications (Impact Factor: 3.4)

इसके अतिरिक्त, उनके अनेक शोध-पत्र IEEE के अंतरराष्ट्रीय सम्मेलनों में प्रकाशित एवं प्रस्तुत किए जा चुके हैं। उनके अनुसंधान मुख्यतः Blockchain, IoT, Cyber Security, Machine Learning तथा Explainable AI जैसे समकालीन एवं महत्वपूर्ण क्षेत्रों पर केंद्रित हैं।
प्रस्तुति के दौरान विभाग के संकाय सदस्यों, शोधार्थियों एवं विद्यार्थियों ने सक्रिय सहभागिता करते हुए विभिन्न तकनीकी प्रश्न पूछे। श्री मौर्य ने सभी प्रश्नों का संतोषजनक एवं वैज्ञानिक आधार पर उत्तर दिया। उपस्थित विशेषज्ञों ने शोध की नवीनता, व्यावहारिक उपयोगिता, तकनीकी गुणवत्ता तथा इसके औद्योगिक एवं सामाजिक अनुप्रयोगों की भूरि-भूरि प्रशंसा की और इसे भविष्य के अनुसंधानों के लिए अत्यंत उपयोगी बताया।
कार्यक्रम के समापन पर विभागाध्यक्ष प्रो. विनय ऋषिवाल एवं अन्य प्राध्यापकों ने श्री विनय मौर्य को उनके सफल शोध प्रस्तुतीकरण तथा उत्कृष्ट शोध उपलब्धियों के लिए हार्दिक शुभकामनाएँ प्रदान कीं। प्रो. ऋषिवाल ने विश्वास व्यक्त किया कि यह शोध कार्य इंटरनेट ऑफ थिंग्स एवं साइबर सुरक्षा के क्षेत्र में आने वाले शोधों के लिए एक सशक्त आधार सिद्ध होगा।
इस अवसर पर विभाग के सभी संकाय सदस्य, शोधार्थी एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
बरेली से अखिलेश चन्द्र सक्सेना की रिपोर्ट
