E20 पेट्रोल के खिलाफ आज से AAP का बड़ा राष्ट्रीय अभियान, केजरीवाल करेंगे शुरुआत, तहसीन पूनावाला का मौन मार्च और भूख हड़ताल
नई दिल्ली: केंद्र सरकार की E20 यानी 20 प्रतिशत इथेनॉल मिश्रित पेट्रोल नीति के विरोध में शनिवार से नया आंदोलन शुरू होने जा रहा है। आम आदमी पार्टी राष्ट्रीय स्तर पर इस अभियान की शुरुआत करेगी। पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल अभियान का शुभारंभ करेंगे, जबकि सामाजिक कार्यकर्ता तहसीन पूनावाला मौन मार्च निकालने के बाद अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठेंगे।
अभियान शुरू होने से एक दिन पहले अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी दी कि शनिवार को आयोजित होने वाले ‘E20 के खिलाफ नेशनल टाउनहॉल’ में देश की एक प्रमुख हस्ती भी शामिल होगी। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के दौरान लोगों की समस्याएं सुनी जाएंगी और नागरिक प्रत्यक्ष या वर्चुअल माध्यम से इसमें शामिल हो सकेंगे।

5 जुलाई से शुरू हुआ था E20 नीति के खिलाफ विरोध
E20 नीति के विरोध की शुरुआत तहसीन पूनावाला ने 5 जुलाई को की थी। अब उन्होंने गांधी स्मृति तक मौन मार्च निकालने और उसके बाद अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू करने का ऐलान किया है।
E20 नीति पर पुनर्विचार की मांग
इससे पहले 27 जुलाई को पार्टी मुख्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में अरविंद केजरीवाल ने इस अभियान की घोषणा की थी। उन्होंने इसे हाल के छात्र आंदोलन से जोड़ते हुए कहा था कि जनता के दबाव के आगे सरकार को झुकना पड़ा। उन्होंने केंद्र सरकार से E20 नीति पर पुनर्विचार करने की मांग करते हुए कहा कि कई वाहन मालिक माइलेज में कमी और तकनीकी समस्याओं की शिकायत कर रहे हैं।
दोपहर 12 बजे होगा नेशनल टाउनहॉल

अरविंद केजरीवाल के अनुसार, यह कार्यक्रम शनिवार दोपहर 12 बजे नई दिल्ली स्थित कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में आयोजित किया जाएगा। प्रतिभागियों से सुबह 11:30 बजे तक पहुंचने का अनुरोध किया गया है। उन्होंने दावा किया कि कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना है।
दिल्ली से बाहर रहने वाले लोगों के लिए ऑनलाइन जुड़ने की भी व्यवस्था की गई है। पार्टी के अनुसार, इच्छुक लोग व्हाट्सएप के माध्यम से पंजीकरण कर कार्यक्रम का लिंक प्राप्त कर सकते हैं।
विशेषज्ञों ने भी उठाए हैं सवाल
E20 नीति को लेकर कुछ विशेषज्ञों ने इसके क्रियान्वयन की गति और संभावित प्रभाव पर भी सवाल उठाए हैं। आम आदमी पार्टी के अलावा तहसीन पूनावाला की टीम और दिल्ली टैक्सी एंड ट्रांसपोर्ट ओनर्स एंड टूर ऑपरेटर्स एसोसिएशन ने भी इस नीति के विरोध में प्रदर्शन करने की घोषणा की है।
