Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

इनामी अपराधियों पर कसेगा शिकंजा, डीआईजी ने थानेवार मांगा पूरा हिसाब; एक महीने में गिरफ्तारी के लिए चला विशेष अभियान

गोण्डा: देवीपाटन परिक्षेत्र में फरार इनामी अपराधियों की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) अशोक कुमार ने शनिवार को गूगल मीट के माध्यम से परिक्षेत्रीय जनपदों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर सभी वांछित इनामी अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में संबंधित थानों के थाना प्रभारी, पुलिस अधीक्षक, अपर पुलिस अधीक्षक और क्षेत्राधिकारी ऑनलाइन शामिल हुए।

थानेवार समीक्षा कर अधिकारियों से मांगी विस्तृत रिपोर्ट

बैठक के दौरान डीआईजी ने प्रत्येक थाने में दर्ज इनामी अपराधियों की थानेवार समीक्षा की। इस दौरान प्रत्येक अपराधी के आपराधिक इतिहास, वर्तमान गतिविधियों, संभावित ठिकानों, अब तक गिरफ्तारी के लिए किए गए प्रयासों और आगे की कार्ययोजना की विस्तृत जानकारी संबंधित अधिकारियों से ली गई।

तकनीकी संसाधनों और समन्वय से तेज होगी कार्रवाई

डीआईजी ने निर्देश दिए कि इनामी अपराधियों की गिरफ्तारी सर्वोच्च प्राथमिकता पर की जाए। इसके लिए प्रभावी रणनीति तैयार करते हुए तकनीकी संसाधनों और विभिन्न सूचना स्रोतों का अधिकतम उपयोग किया जाए। साथ ही अंतरजनपदीय और अंतर्राज्यीय समन्वय स्थापित कर त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए वांछित अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

एक माह के भीतर गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाने का भरोसा

वर्चुअल बैठक में शामिल सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने आश्वस्त किया कि अपने-अपने थाना क्षेत्रों में वांछित इनामी अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। अधिकारियों ने एक माह के भीतर इनामी अपराधियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए हरसंभव प्रयास करने और सकारात्मक परिणाम देने का भरोसा भी दिया।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------