विश्व फार्मासिस्ट दिवस की तैयारियां तेज, गोंडा में यूथ फार्मासिस्ट फेडरेशन ने बनाई रणनीति, मेडिकल कैंप समेत कई कार्यक्रम होंगे आयोजित

गोंडा: विश्व फार्मासिस्ट दिवस के आयोजन को लेकर यूथ फार्मासिस्ट फेडरेशन की महत्वपूर्ण बैठक बुधवार को सिंचाई विभाग स्थित चौधरी चरण सिंह मीटिंग हॉल में आयोजित की गई। बैठक में 25 सितंबर को होने वाले विश्व फार्मासिस्ट दिवस के कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की गई और आयोजन को सफल बनाने के लिए विभिन्न जिम्मेदारियां पदाधिकारियों को सौंपी गईं।

ब्लॉक और तहसील स्तर के पदाधिकारियों के साथ हुई बैठक
बैठक में जिले के सभी तहसील और ब्लॉक अध्यक्षों ने भाग लिया। इस दौरान संगठन से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर सहमति बनी। जिलाध्यक्ष रोहित मिश्रा ने बताया कि ब्लॉक स्तर की कार्यकारिणी को क्षेत्रीय स्तर पर विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। बैठक में क्षेत्र की स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं तथा मेडिकल स्टोरों पर फार्मासिस्ट की अनिवार्य नियुक्ति जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
विश्व फार्मासिस्ट दिवस पर होंगे कई जनहित कार्यक्रम
-------------------------------------------------------------------------------------------
फेडरेशन के महामंत्री राकेश शुक्ला ने बताया कि 25 सितंबर को विश्व फार्मासिस्ट दिवस के अवसर पर मेडिकल कैंप का आयोजन किया जाएगा। इसके अलावा मेडिकल कॉलेज में मरीजों के बीच फल वितरण, संगोष्ठी और जरूरतमंदों को आवश्यक सामग्री का वितरण भी किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस बार विश्व फार्मासिस्ट दिवस को भव्य रूप से मनाने की तैयारी की जा रही है।
आयोजन को सफल बनाने के लिए सौंपी गई जिम्मेदारियां
बैठक में आयोजन की तैयारियों को लेकर विभिन्न पदाधिकारियों को अलग-अलग दायित्व सौंपे गए। कार्यक्रम में उपाध्यक्ष संजय अवस्थी, अंशुमान मिश्रा, बृजेश शुक्ला, हर्षित मिश्रा, कोषाध्यक्ष सनत कुमार पांडे, गोपाल साहू, मंत्री धीरेंद्र पांडे, मीडिया प्रभारी आदर्श शुक्ला, बृजभूषण पांडे, लवकुश, मनोज, अंकित, महेश साहू सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

