Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

‘स्वतंत्रता के स्वर’ कवि सम्मेलन में गूंजी देशभक्ति की कविताएं, ओजस्वी रचनाओं से भारत माता के जयकारों से गूंजा सभागार

गोण्डा: स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को फुलवारी पब्लिक स्कूल में ‘स्वतंत्रता के स्वर’ शीर्षक से कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। विद्यालय परिसर तिरंगे रंगों और देशभक्ति के गीतों से सजा रहा। कार्यक्रम के दौरान कवियों ने शहीदों के बलिदान, राष्ट्रीय एकता और अखंडता से जुड़ी ओजस्वी रचनाएं प्रस्तुत कीं।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि प्रोफेसर आर.बी. सिंह बघेल, राष्ट्रीय सहारा के ब्यूरो चीफ पी.पी. यादव, सुरेश सिंह, इंकलाब फाउंडेशन के अध्यक्ष अविनाश सिंह और प्रमोद नंदन की मौजूदगी में हुआ। साहित्य भूषण से सम्मानित शिवाकांत मिश्र ‘विद्रोही’, कैप्टन क्रांति कुमार सिंह और कार्यक्रम संयोजिका डॉ. नीता सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर कवि सम्मेलन की शुरुआत की।

इसके बाद कार्यक्रम संयोजिका डॉ. नीता सिंह ने आमंत्रित कवियों को पटका पहनाकर सम्मानित किया। कवयित्री शिप्रा सिंह ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की, जिसके साथ काव्य गोष्ठी का विधिवत शुभारंभ हुआ।

देशभक्ति की रचनाओं से गूंज उठा सभागार

कवि सम्मेलन में शिवाकांत मिश्र ‘विद्रोही’, राजेश ओझा, बृजलाल तिवारी, चंदन तिवारी ‘रुद्र’, शिवम मिश्रा, आशुतोष त्रिपाठी ‘आलोक’ और वैष्णवी सिंह ने अपनी रचनाएं प्रस्तुत कीं। कवियों ने शहीदों के बलिदान, राष्ट्रीय एकता और अखंडता को केंद्र में रखकर ओजपूर्ण कविताएं सुनाईं।

कवियों की प्रस्तुतियों के दौरान सभागार में मौजूद लोगों ने उत्साह के साथ भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारे लगाए। देशभक्ति के माहौल के बीच कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने कवियों की रचनाओं पर तालियों के साथ उत्साहवर्धन किया।

युवा पीढ़ी में देशभक्ति की भावना जगाना उद्देश्य

कार्यक्रम संयोजिका डॉ. नीता सिंह ने आयोजन के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इस तरह के आयोजनों का उद्देश्य युवा पीढ़ी में देशभक्ति की भावना को मजबूत करना है। उन्होंने स्वयं भी ‘बिट्टू के पापा अच्छे’ समेत देशभक्ति से जुड़ी रचनाएं प्रस्तुत कीं, जिन्हें श्रोताओं ने सराहा।

कवि सम्मेलन में विद्यालय के छात्र-छात्राओं और शिक्षकों के साथ नगर के कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। सामूहिक राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------