Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

स्वतंत्रता दिवस पर बार एसोसिएशन में गूंजा देशभक्ति का संदेश, न्याय और सामाजिक हितों के लिए काम करने का संकल्प

गोण्डा: स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर बार एसोसिएशन सभागार में आयोजित समारोह में जनपद न्यायाधीश दुर्ग नारायण सिंह ने अधिवक्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज हम आजाद भारत में जन्म लेकर देश की सुख-समृद्धि देख रहे हैं। यह स्वतंत्रता त्याग और बलिदान के बाद मिली है। इसलिए हमें निरंतर न्याय और सामाजिक हितों के लिए कार्य करते रहना होगा।

जनपद न्यायाधीश ने कहा कि हम जहां भी हैं, अपने उत्कृष्ट कार्य और सेवा के माध्यम से देश के अमर सपूतों को सच्ची श्रद्धांजलि देते रहें। इसी भावना के साथ कार्य करने से भारत विश्व में अपनी विशिष्ट पहचान बनाए रखेगा।

जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने अपने संबोधन में कहा कि देश की स्वतंत्रता के लिए अमर क्रांतिकारियों ने जो बलिदान दिया, उसे हमेशा याद रखना चाहिए। उनके आदर्शों को ध्यान में रखते हुए सभी को अपने दायित्वों का निर्वहन करते रहना होगा।

आमजन के अधिकारों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध अधिवक्ता समाज

बार एसोसिएशन के अध्यक्ष रविचंद्र त्रिपाठी ने कहा कि स्वतंत्रता प्रत्येक व्यक्ति का जन्मसिद्ध अधिकार है। उन्होंने कहा कि अधिवक्ता समाज वादकारियों के साथ-साथ आमजन के अधिकारों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। अपनी पूरी ऊर्जा उन लोगों के लिए समर्पित करने की आवश्यकता है, जो निर्बल और पीड़ित हैं।

उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता आंदोलन से लेकर वर्तमान समय तक अधिवक्ता समाज ने अपनी सहभागिता में अग्रणी भूमिका निभाई है और आगे भी यह भूमिका जारी रहेगी।

ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगान, डॉ. राजेंद्र प्रसाद को किया नमन

स्वाधीनता दिवस समारोह का संचालन बार एसोसिएशन के महामंत्री सुनील कुमार पाण्डेय ने किया। समारोह से पूर्व मुख्य अतिथि और विशिष्ट अतिथियों के साथ सैकड़ों अधिवक्ताओं ने ध्वजारोहण किया। इसके बाद राष्ट्रगान हुआ।

राष्ट्रगान के पश्चात भारत के प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उनके आदर्शों को नमन किया गया।

समारोह में मुख्य राजस्व अधिकारी रिंकी जायसवाल, डीजीसी क्रिमिनल वसंत शुक्ल, डीजीसी सिविल आनंद राज सिंह, डीजीसी रेवेन्यू सुशील त्रिपाठी, एडीजीसी अमित पाठक समेत अन्य अतिथि मौजूद रहे। इस अवसर पर मुख्य अतिथि और विशिष्ट अतिथियों का स्वागत किया गया तथा अधिवक्ता समाज में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों को सम्मानित किया गया।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------