रुहेलखण्ड विश्वविद्यालय में हिन्दी, अंग्रेजी, संस्कृत और उर्दू में प्री-पीएच.डी. कोर्सवर्क का शुभारंभ

बरेली, 22 अगस्त। महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखण्ड विश्वविद्यालय के भाषा संकाय के बहुभाषा उत्कृष्टता केंद्र में शुक्रवार को प्री-पीएच.डी. कोर्सवर्क का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का आरंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ, जिसमें नवप्रवेशित शोधार्थियों ने सहभागिता की।
इस अवसर पर प्रोफेसर अनिता त्यागी, अध्यक्ष, मानविकी विभाग एवं समन्वयक, प्री-पीएच.डी. कोर्सवर्क ने शोधार्थियों को कोर्सवर्क से संबंधित नियमों, प्रक्रियाओं एवं आवश्यक अकादमिक दिशा-निर्देशों से अवगत कराया। उन्होंने शोध की प्रक्रिया, शोधकार्य के विभिन्न चरणों तथा शोध के दौरान ध्यान रखे जाने वाले महत्वपूर्ण अकादमिक पक्षों और बारीकियों पर चर्चा की।
सत्र के दौरान शोधार्थियों ने शोध प्रक्रिया, नियमों एवं कोर्सवर्क से संबंधित विभिन्न जिज्ञासाएँ एवं प्रश्न भी रखे। प्रोफेसर अनिता त्यागी ने शोधार्थियों के प्रश्नों का समाधान करते हुए उनकी जिज्ञासाओं का स्पष्ट एवं संतोषजनक उत्तर दिया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।
उन्होंने शोधार्थियों को शोध में निरंतरता, मौलिकता, अकादमिक अनुशासन एवं गंभीरता बनाए रखने की आवश्यकता पर बल दिया तथा सभी नवप्रवेशित शोधार्थियों को उनके शोध-प्रवास के लिए हार्दिक शुभकामनाएँ एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
प्री-पीएच.डी. कोर्सवर्क के अंतर्गत निर्धारित पाठ्यक्रम के अनुसार शोधार्थियों की नियमित कक्षाएँ संचालित की जाएँगी। कोर्सवर्क में शोध-पद्धति एवं संबंधित विषयों के साथ विभिन्न अकादमिक गतिविधियों के माध्यम से शोधार्थियों को शोधकार्य के लिए आवश्यक आधारभूत समझ विकसित करने का अवसर मिलेगा।
कार्यक्रम के साथ ही प्री-पीएच.डी. कोर्सवर्क की नियमित शैक्षणिक गतिविधियों का विधिवत शुभारंभ हो गया।

-------------------------------------------------------------------------------------------
बरेली से अखिलेश चन्द्र सक्सेना की रिपोर्ट

