गोंडा में एक दर्जन नाबालिग बच्चों का रेस्क्यू, दो संदिग्ध बाल तस्कर गिरफ्तार

गोंडा। अपराध आसूचना शाखा, रेलवे सुरक्षा बल की टीम ने बचपन बचाओ आंदोलन समिति गोरखपुर एवं अपराजिता सामाजिक समिति बहराइच की संयुक्त टीम ने अभियान चलाकर ट्रेन से एक दर्जन नाबालिग बच्चों का रेस्क्यू किया। बच्चों को कथित तौर पर बिहार के मोतिहारी से हरियाणा के कुरुक्षेत्र स्थित पेहवा में चावल की मिल में मजदूरी कराने के लिए ले जाया जा रहा था। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त गोरखपुर एवं वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त लखनऊ के निर्देशन में अपराध आसूचना शाखा गोंडा के निरीक्षक उदय राज ने बचपन बचाओ आंदोलन समिति गोरखपुर के सहायक परियोजना अधिकारी मनीष कुमार वर्मा के साथ जननायक एक्सप्रेस में संयुक्त चेकिंग अभियान चलाया।
बरुआचक स्टेशन से ट्रेन के रवाना होने के बाद सामान्य कोच में कुछ नाबालिग बच्चे डरे-सहमे अवस्था में मिले। उनके साथ मौजूद दो व्यक्तियों से पूछताछ में प्रथम दृष्टया मामला बाल तस्करी एवं बाल श्रम से जुड़ा प्रतीत हुआ। ट्रेन के गोंडा स्टेशन पर पहुंचने पर रेलवे सटीम की मदद से बच्चों और दोनों व्यक्तियों को ट्रेन से उतारा गया।
पूछताछ में सामने आया कि प्रमोद कुमार (19), निवासी मेहसी, मोतिहारी और विजय साह (27), निवासी मेहसी, मोतिहारी बच्चों को हरियाणा ले जा रहे थे। उन्होने बताया गया कि ठेकेदार अनिल और मुकेश के कहने पर बच्चों को मजदूरी के लिए भेजा जा रहा था। आरोप है कि बच्चों के परिजनों को प्रलोभन देकर तथा बहला-फुसलाकर बच्चों को भेजने के लिए अग्रिम धनराशि भी दी गई थी।
रेस्क्यू किए गए सभी नाबालिग बच्चों को आवश्यक कार्रवाई के लिए चाइल्डलाइन गोंडा की प्रभारी नीतू त्रिपाठी को देखभाल एवं संरक्षण हेतु सुपुर्द किया गया। इसके बाद सभी बच्चों को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया गया।
सीआईबी निरीक्षक उदय राज की तहरीर पर एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग थाना गोंडा में प्रमोद कुमार, विजय साह तथा प्रकाश में आए ठेकेदार मुकेश साह और अनिल साह के विरुद्ध मुकदमा अपराध दर्ज किया गया है।
इस अभियान में उप निरीक्षक लाल साहब सिंह, सहायक उप निरीक्षक दिलीप कुमार सिंह, कांस्टेबल बबलू कुमार सिंह, मोहनलाल, दिनेश कुमार और संजय कुमार सहित बचपन बचाओ आंदोलन समिति के मनीष कुमार वर्मा तथा अपराजिता सामाजिक समिति के प्रोजेक्ट हेड अभय पांडेय और जिला कोऑर्डिनेटर आत्रेय त्रिपाठी शामिल रहे।
-------------------------------------------------------------------------------------------

