Top Newsदेश

भारत के लिए न्यूजीलैंड से बड़ी खुशखबरी, FTA को संसद की मंजूरी; भारतीय उत्पादों पर नहीं लगेगा आयात शुल्क

नई दिल्ली: भारत और न्यूजीलैंड के बीच मुक्त व्यापार समझौते यानी FTA को लागू करने का रास्ता साफ हो गया है। न्यूजीलैंड की संसद ने बुधवार को इस समझौते को लागू करने वाले विधेयक को 93-29 के बहुमत से मंजूरी दे दी। अब जरूरी कानूनी और औपचारिक प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद FTA लागू हो सकता है। इसके तहत न्यूजीलैंड में भारतीय उत्पादों को शुल्क-मुक्त बाजार पहुंच मिलेगी।

संसद में सरकार के साथ विपक्ष ने भी दिया समर्थन

भारत और न्यूजीलैंड के बीच FTA पर अप्रैल 2026 में सहमति बनी थी। अब न्यूजीलैंड की संसद ने इसे लागू करने वाले विधेयक को मंजूरी दे दी है। खास बात यह रही कि सरकार के अलावा विपक्षी लेबर पार्टी ने भी विधेयक का समर्थन किया।

न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन ने संसद की मंजूरी को ऐतिहासिक कदम बताया। उन्होंने कहा कि इस समझौते से न्यूजीलैंड में रोजगार और लोगों की आय बढ़ाने में मदद मिल सकती है, जबकि भारत के बड़े बाजार तक न्यूजीलैंड के उत्पादों की पहुंच बढ़ेगी।

FTA से भारतीय सामानों को क्या फायदा होगा?

समझौता लागू होने के बाद न्यूजीलैंड में भारतीय उत्पादों को ड्यूटी-फ्री एंट्री मिलेगी। यानी भारत से न्यूजीलैंड भेजे जाने वाले सामानों पर सीमा शुल्क नहीं लगेगा। इससे दोनों देशों के बीच वस्तुओं का कारोबार बढ़ाने में मदद मिल सकती है।

वहीं, न्यूजीलैंड से भारत आने वाले करीब 95 फीसदी सामानों पर सीमा शुल्क या तो खत्म हो जाएगा या काफी कम हो जाएगा। आधे से ज्यादा उत्पादों पर समझौता लागू होने के पहले दिन से ही शुल्क-मुक्त व्यवस्था लागू होने की बात कही गई है।

15 साल में 20 अरब न्यूजीलैंड डॉलर के निवेश का लक्ष्य

FTA के तहत न्यूजीलैंड ने अगले 15 साल में भारत में 20 अरब न्यूजीलैंड डॉलर यानी करीब 1 लाख करोड़ रुपये के निवेश का लक्ष्य रखा है। इससे दोनों देशों के बीच व्यापार और निवेश संबंधों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

-------------------------------------------------------------------------------------------

2030 तक दोगुना होगा द्विपक्षीय व्यापार

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जुलाई में हुई न्यूजीलैंड यात्रा के दौरान दोनों देशों के बीच कई समझौतों पर सहमति बनी थी। इनमें अगले चार वर्षों में संबंधों को और विस्तार देने, हिंद-प्रशांत क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने और भारतीय नौसेना तथा न्यूजीलैंड रक्षा बल के बीच सहयोग मजबूत करने जैसे मुद्दे शामिल थे।

इसके अलावा भारत और न्यूजीलैंड ने 2030 तक द्विपक्षीय व्यापार को दोगुना करके 35,000 करोड़ रुपये तक पहुंचाने का लक्ष्य भी तय किया है।

इसी साल लागू हो सकता है FTA

न्यूजीलैंड के व्यापार मंत्री टॉड मैक्ले ने उम्मीद जताई है कि FTA इसी साल लागू हो सकता है। इसके लिए दोनों देशों में जरूरी कानूनी और औपचारिक प्रक्रियाएं पूरी की जाएंगी। इनके पूरा होने के बाद समझौता आधिकारिक तौर पर प्रभावी हो जाएगा।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------