Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

SBI में राजभाषा पखवाड़ा 2026 का शुभारंभ, मुख्य महाप्रबंधक दिपेश राज बोले- हिंदी को सहज कार्यालयीन कार्य-व्यवहार का हिस्सा बनाएं

लखनऊ: भारतीय स्टेट बैंक के स्थानीय प्रधान कार्यालय में राजभाषा पखवाड़ा 2026 के तहत राजभाषा कार्यान्वयन समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मुख्य महाप्रबंधक दिपेश राज ने की। इस दौरान उन्होंने कहा कि राजभाषा कार्यान्वयन केवल औपचारिक दायित्व नहीं है, बल्कि कार्यालयीन कार्य-व्यवहार को सरल, स्पष्ट और प्रभावी बनाने का माध्यम है। उन्होंने हिंदी को सिर्फ राजभाषा पखवाड़े तक सीमित रखने के बजाय रोजमर्रा के कार्यालयीन कार्यों का सहज हिस्सा बनाने पर जोर दिया।

विभागों में हिंदी के प्रयोग को लगातार बढ़ावा देने की अपील

मुख्य महाप्रबंधक दिपेश राज ने विभागाध्यक्षों से अपने-अपने विभागों में हिंदी के प्रयोग को निरंतर प्रोत्साहित करने का आह्वान किया। उन्होंने स्टाफ सदस्यों से राजभाषा पखवाड़े के तहत आयोजित की जा रही विभिन्न प्रतियोगिताओं में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की।

उन्होंने कहा कि बैंकिंग क्षेत्र में सरल और आत्मीय भाषा ग्राहकों के साथ संवाद को आसान बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। साथ ही सूचना प्रौद्योगिकी और नए तकनीकी साधनों के माध्यम से हिंदी में कामकाज को और सरल एवं प्रभावी बनाने पर भी जोर दिया।

‘वातायन’ और राजभाषा ज्ञान पुस्तिका का विमोचन

कार्यक्रम के दौरान मुख्य महाप्रबंधक ने मंडल राजभाषा विभाग की त्रैमासिक पत्रिका ‘वातायन’ के नवीन अंक और ‘राजभाषा ज्ञान पुस्तिका’ के सातवें संस्करण का विमोचन किया।

वित्त वर्ष 2025-26 के लिए नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति, लखनऊ की ओर से कार्यालय को राजभाषा शील्ड में द्वितीय पुरस्कार और ‘वातायन’ को गृह पत्रिका शील्ड में प्रथम पुरस्कार मिलने पर दिपेश राज ने प्रसन्नता जताई। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए राजभाषा विभाग को बधाई दी।

-------------------------------------------------------------------------------------------

विभागीय राजभाषा शील्ड में परिसर एवं संपदा विभाग विजेता

राजभाषा पखवाड़े के तहत मंडल स्तर पर विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। बैठक में स्टाफ सदस्यों से इन गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लेने का आह्वान किया गया।

बेहतर राजभाषा कार्यान्वयन के लिए विभागीय राजभाषा शील्ड परिसर एवं संपदा विभाग को विजेता और जांच एवं निगरानी विभाग को उपविजेता के रूप में प्रदान की गई।

अधिकारियों और विभागाध्यक्षों ने की सहभागिता

बैठक में महाप्रबंधक कौशलेंद्र कुमार, विमल किशोर, राजीव कुमार समेत कार्यालय के उप महाप्रबंधक और विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष मौजूद रहे। कार्यक्रम में धन्यवाद ज्ञापन मंडल विकास अधिकारी धीरेन्द्र महे ने किया, जबकि संचालन सहायक महाप्रबंधक (राजभाषा) दिवाकर मणि ने किया।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------