सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जनपद भर के आंगनवाड़ी केन्द्रों पर आयोजित हुए “आंगन मिलन सेवा” कार्यक्रम

बरेली, 27 सितम्बर। माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों के निरन्तर सेवाकाल की जनकल्याणकारी उपलब्धियों को जन-जन तक पहुँचाने तथा प्रत्येक नागरिक को विकसित भारत–2047 के सामूहिक राष्ट्रीय संकल्प से जोड़ने के उद्देश्य से जनपद बरेली में 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर 2026 तक आयोजित “सेवा संकल्प अभियान” के अंतर्गत शुक्रवार को “आंगन मिलन सेवा” थीम पर जनपद के विभिन्न आंगनवाड़ी केन्द्रों में गोद भराई कार्यक्रम आयोजित किए गए।

कार्यक्रम के दौरान गर्भवती महिलाओं की पारम्परिक रीति-रिवाजों के साथ गोद भराई की गई तथा उन्हें पौष्टिक आहार, संतुलित पोषण, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, समय पर टीकाकरण एवं संस्थागत प्रसव के महत्व के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य से जुड़ी विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति भी जागरूक किया गया।
-------------------------------------------------------------------------------------------
इसी क्रम में आंगनवाड़ी केन्द्र गैनी (विकास खण्ड मझगवां), आंगनवाड़ी केन्द्र शिवपुरी (विकास खण्ड मझगवां) तथा आंगनवाड़ी केन्द्र कल्याणपुर सहित अन्य केन्द्रों पर भी उत्साहपूर्वक कार्यक्रम सम्पन्न हुए। आंगनवाड़ी कार्यकर्त्रियों एवं सहायिकाओं ने गर्भवती महिलाओं और उनके परिजनों को पोषण, स्वच्छता एवं शिशु देखभाल संबंधी महत्वपूर्ण संदेश दिए।
जनपद प्रशासन ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आगामी दिनों में भी महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य, शिक्षा, स्वच्छता तथा जनकल्याण से संबंधित विविध कार्यक्रमों का आयोजन निरंतर किया जाएगा, जिससे समाज के प्रत्येक वर्ग को विकास यात्रा से जोड़ा जा सके। बरेली से अखिलेश चन्द्र सक्सेना की रिपोर्ट

