बाढ़ प्रभावित गांवों में प्रशासन ने पहुंचाया राहत पैकेट, ग्रामीणों से लिया हालात का जायजा

जिलाधिकारी के निर्देशानुसार जनपद में बाढ़ से प्रभावित परिवारों तक राहत सामग्री पहुंचाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में तहसील तरबगंज एवं तहसील करनैलगंज क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित गांवों में मुख्य विकास अधिकारी श्री दयानंद प्रसाद, अपर जिलाधिकारी प्रमोद झा एवं जिला आपदा विशेषज्ञ श्री राजेश श्रीवास्तव ने पहुंचकर ग्रामीणों को लंच पैकेट वितरित किए।

मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी एवं जिला आपदा विशेषज्ञ ने ऐलीपरसौली, गढ़ी, बहादुरपुर, नकहरा आदि गांवों में पहुंचकर बाढ़ प्रभावित परिवारों से मुलाकात की तथा उन्हें राहत सामग्री उपलब्ध कराई। इस दौरान अधिकारियों ने ग्रामीणों से सीधे संवाद करते हुए बाढ़ की वर्तमान स्थिति, जलभराव, आवागमन, भोजन एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और आवश्यकतानुसार संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
अधिकारियों ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाते हुए कहा कि पूरा प्रशासन आपके साथ है। बाढ़ की स्थिति में प्रभावित परिवारों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए जिला प्रशासन द्वारा हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे प्रशासन द्वारा जारी आवश्यक दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा किसी भी समस्या की स्थिति में तत्काल संबंधित अधिकारियों को सूचित करें।
जिला प्रशासन द्वारा बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों की लगातार निगरानी की जा रही है। अधिकारियों द्वारा गांवों में पहुंचकर जमीनी स्थिति का जायजा लिया जा रहा है और प्रभावित परिवारों की आवश्यकताओं के अनुसार राहत सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है।
-------------------------------------------------------------------------------------------
मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी प्रमोद झा ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो तथा जरूरतमंद परिवारों तक समय से राहत सामग्री पहुंचाई जाए। उन्होंने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता बाढ़ प्रभावित लोगों की सुरक्षा एवं आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करना है।
जिला प्रशासन की टीम द्वारा प्रभावित क्षेत्रों में लगातार भ्रमण कर स्थिति पर नजर रखी जा रही है। साथ ही ग्रामीणों को भरोसा दिलाया गया कि संकट की इस घड़ी में प्रशासन उनके साथ खड़ा है और आवश्यकता के अनुसार हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

