रुहेलखण्ड विश्वविद्यालय में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत विद्यार्थियों को मिला करियर निर्माण का मार्गदर्शन

बरेली,29 सितम्बर। महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखण्ड विश्वविद्यालय, बरेली में सेवा संकल्प अभियान-2026 के अंतर्गत विद्यार्थियों को करियर निर्माण एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए मार्गदर्शन प्रदान करने के उद्देश्य से करियर काउंसलिंग सत्र का आयोजन किया गया। शासन द्वारा निर्धारित गतिविधियों के क्रम में आयोजित इस सत्र में विद्यार्थियों को वर्तमान समय में उपलब्ध विभिन्न करियर विकल्पों तथा प्रतियोगी परीक्षाओं के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
सत्र में विद्यार्थियों को बताया गया कि स्नातक एवं परास्नातक स्तर पर किए जा रहे पाठ्यक्रमों के आधार पर उनके लिए विभिन्न करियर विकल्प उपलब्ध हैं। अपनी रुचि, योग्यता एवं क्षमता के अनुरूप विद्यार्थी उच्च शिक्षा, शोध, शिक्षण, प्रशासनिक सेवाओं, बैंकिंग तथा अन्य रोजगारपरक क्षेत्रों में अपने करियर की दिशा निर्धारित कर सकते हैं।
विद्यार्थियों को UGC-NET, UPPSC, IAS/PCS, बैंकिंग एवं अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के विभिन्न पहलुओं के बारे में जानकारी दी गई। परीक्षा पैटर्न, पाठ्यक्रम, अध्ययन सामग्री, समय-प्रबंधन, नियमित अभ्यास तथा तैयारी की रणनीति पर भी मार्गदर्शन प्रदान किया गया। साथ ही विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं एवं कौशल विकास से संबंधित शासन की विभिन्न योजनाओं एवं उपलब्ध अवसरों की जानकारी भी दी गई।

इस संबंध में माननीय कुलपति प्रो. अनिल कुमार राय ने संदेश प्रेषित किया कि वर्तमान प्रतिस्पर्धात्मक वातावरण में विद्यार्थियों के लिए समय रहते अपने करियर की दिशा निर्धारित करना अत्यंत आवश्यक है। विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालय स्तर पर ही यदि विद्यार्थियों को विभिन्न करियर विकल्पों और प्रतियोगी परीक्षाओं की जानकारी मिल जाए तो वे अपनी तैयारी को अधिक व्यवस्थित एवं प्रभावी ढंग से आगे बढ़ा सकते हैं।करियर काउंसलिंग विद्यार्थियों को अपनी रुचि, योग्यता और क्षमता के अनुरूप सही दिशा चुनने में सहायता प्रदान करती है। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी जितनी जल्दी प्रारंभ की जाए, विद्यार्थियों को उतना ही अधिक समय विषय की समझ, अभ्यास और अपनी कमियों को दूर करने के लिए मिलता है। विश्वविद्यालय का प्रयास है कि विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ उनके भविष्य के करियर के लिए आवश्यक मार्गदर्शन और अवसरों की जानकारी भी समय पर उपलब्ध हो।
कुलपति ने विद्यार्थियों का आह्वान किया कि वे अपनी शैक्षणिक यात्रा के प्रारंभिक चरण से ही लक्ष्य निर्धारित करें, नियमित अध्ययन की आदत विकसित करें और उपलब्ध अवसरों का योजनाबद्ध ढंग से उपयोग करते हुए अपने करियर की दिशा में आगे बढ़ें।कार्यक्रम का आयोजन सेवा संकल्प अभियान-2026 के अंतर्गत शासन एवं संबंधित विभाग द्वारा निर्धारित गतिविधियों के क्रम में किया गया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में विश्वविद्यालय के कुलसचिव श्री महेंद्र कुमार सिंह, सांस्कृतिक समन्वयक डॉ. ज्योति पांडेय, डॉ. इंदरप्रीत कौर, डॉ. रीना पंत, डॉ.सौरभ वर्मा,श्री रॉबिन बालियान आदि का सहयोग रहा।
-------------------------------------------------------------------------------------------
बरेली से अखिलेश चन्द्र सक्सेना की रिपोर्ट

