निदेशक /मुख्य प्रधान जनगणना अधिकारी की अध्यक्षता में जनगणना–2027 की मंडलीय समीक्षा बैठक सम्पन्न

बरेली, 29 सितम्बर। विकास भवन सभागार में निदेशक/मुख्य प्रधान जनगणना अधिकारी, उत्तर प्रदेश लखनऊ शीतल वर्मा की अध्यक्षता में जनगणना–2027 के संबंध में बरेली मंडल की समीक्षा बैठक आयोजित हुई।

बैठक में जनगणना की तैयारियों, प्रशिक्षण, जनजागरूकता एवं गणना प्रक्रिया की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में बताया गया कि जनगणना के प्रथम चरण में 22 मई से 20 जून 2026 तक मकान सूचिकरण का कार्य सफलतापूर्वक पूर्ण किया जा चुका है। अब द्वितीय चरण में 1 दिसम्बर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक जनसंख्या गणना की जाएगी, जिसमें प्रत्येक व्यक्ति का विवरण दर्ज किया जाएगा। इस चरण में प्रत्येक व्यक्ति से लगभग 40 प्रश्न पूछे जाएंगे तथा उक्त कार्य पूर्ण करने के लिए 35 दिन निर्धारित किए गए हैं।
बैठक में निर्देश दिए गए कि जनगणना के दौरान प्रत्येक व्यक्ति की गणना उसी स्थान पर की जाएगी जहाँ वह निर्धारित अवधि में निवासरत होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी नागरिक से जनगणना के समय कोई दस्तावेज नहीं मांगा जाएगा सिर्फ सूचनाएं पूछ कर दर्ज की जाएंगी।
बैठक में बताया गया कि पंचायत ग्राम के बजाय राजस्व ग्राम को गणना की मूल इकाई माना जाएगा। जेल, वृद्धाश्रम, छात्रावास, पुलिस लाइन एवं अन्य संस्थागत परिसरों की गणना भी शत-प्रतिशत सटीकता के साथ कराई जाए तथा बेघर व्यक्तियों की गणना उनके रात्रि विश्राम स्थल पर की जाए।
-------------------------------------------------------------------------------------------
बैठक में निर्देश दिए गए कि एफ.टी. प्रशिक्षण 24 अक्टूबर 2026 तक पूर्ण कर लिया जाए। प्रशिक्षण प्राप्त प्रगणक अपने-अपने क्षेत्रों में जाकर नागरिकों को जनगणना हेतु आवश्यक जानकारियों के प्रति जागरूक करें, जिससे लोग पहले से आवश्यक विवरण तैयार रख सकें। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण के बाद प्रगणकों को नियुक्ति पत्र एवं क्षेत्र का आवंटन एक साथ किया जाए तथा अत्यंत विशेष परिस्थितियों को छोड़कर किसी भी कार्मिक की ड्यूटी न काटी जाए। जिलाधिकारी कार्मिकों के प्रभारी के रूप मे रहेंगे।
मुख्य प्रधान जनगणना अधिकारी ने निर्देशित किया कि विद्यालयों के माध्यम से अभिभावकों को जनगणना के प्रति जागरूक किया जाए, इसके साथ ही प्रिंट/इलेक्ट्रानिक व सोशल मीडिया के माध्यम से जनगणना से संबंधित प्रशिक्षण, बैठकों, दौरों एवं गतिविधियों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाये ।
बैठक में निर्देश दिए गए कि जिला जनगणना सेल को जिला सूचना विज्ञान अधिकारी के नियंत्रण कक्ष के रूप में उपयोग किया जाए तथा प्रत्येक जिले में जनगणना हेतु कंट्रोल रूम स्थापित किया जाए। किसी भी प्रकार की समस्या अथवा शिकायत के निवारण के लिए हेल्पलाइन नंबर 1855 का उपयोग किया जा सकेगा।
बैठक में मंडलायुक्त शंभू कुमार, जिलाधिकारी बरेली अविनाश सिंह, जिलाधिकारी बदायूं अवनीश राय, जिलाधिकारी पीलीभीत आलोक कुमार, जिलाधिकारी शाहजहांपुर धर्मेंद्र प्रताप सिंह, नगर आयुक्त बरेली संजीव कुमार मौर्य, नगर आयुक्त शाहजहांपुर सौम्या गुरुरानी, मुख्य विकास अधिकारी बरेली देवयानी, मंडल के सभी जनपदों के अपर जिलाधिकारी तथा संबंधित विभागीय अधिकारी व बरेली मंडल के सभी नोडल अधिकारियों में संयुक्त निदेशक डॉ. एस. एस. शर्मा, मंडल प्रभारी (एडी – आई.टी.)अभिषेक कुमार कनौजिया,
जिला प्रभारी, बरेली राकेश कुमार सिंह,
जिला प्रभारी, बदायूं चंदन प्रजापति,
जिला प्रभारी, शाहजहांपुर अनुराग सिंहजिला प्रभारी, पीलीभीत शुभम बाजपेयी उपस्थित रहे।
बैठक का संचालन अपर जिलाधिकारी वि/रा बरेली संतोष कुमार सिंह द्वारा किया गया।
बरेली से अखिलेश चन्द्र सक्सेना की रिपोर्ट

