ऑनलाइन गेमिंग में भारी नुकसान के बाद तीन दोस्तों ने निगला जहरीला पदार्थ, दो की मौत; तीसरे की हालत स्थिर
नवांशहर: पंजाब के नवांशहर जिले के गढ़ पधाना गांव में ऑनलाइन गेमिंग में आर्थिक नुकसान के बाद तीन दोस्तों द्वारा कथित तौर पर जहरीला पदार्थ निगलने का मामला सामने आया है। घटना में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि तीसरे का अस्पताल में उपचार जारी है। उसकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है। पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।

गेमिंग में नुकसान के बाद उठाया कदम
पुलिस के मुताबिक, 21 वर्षीय दिलप्रीत सिंह को ऑनलाइन गेमिंग में कथित तौर पर काफी आर्थिक नुकसान हुआ था। इसके बाद उसने अपने करीबी दोस्तों 15 वर्षीय परमजीत सिंह और 15 वर्षीय मनिंदर सिंह को जहरीला पदार्थ निगलने की बात बताई। इसके बाद दोनों किशोरों ने भी जहरीला पदार्थ निगल लिया।
तीनों की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल ले जाया गया। परमजीत की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दिलप्रीत ने देर रात उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। मनिंदर का इलाज जारी है और उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
दोनों किशोर गेमिंग करते थे या नहीं, जांच जारी
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि परमजीत और मनिंदर खुद ऑनलाइन गेमिंग करते थे या नहीं। फिलहाल परिवार की ओर से किसी व्यक्ति को घटना के लिए जिम्मेदार नहीं बताया गया है। पुलिस जहरीला पदार्थ निगलने की वास्तविक वजह और तीनों के बीच हुई बातचीत समेत पूरे घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ने का प्रयास कर रही है।
मोबाइल फोन से सामने आ सकती है अहम जानकारी
थाना प्रभारी सतनाम सिंह के अनुसार, परमजीत और मनिंदर के मोबाइल फोन की जांच की गई है। वहीं दिलप्रीत का मोबाइल लॉक होने के कारण उसे तकनीकी जांच के लिए भेजा गया है। पुलिस के मुताबिक, मोबाइल को अपने स्तर पर खोलने का प्रयास करने से उसमें मौजूद महत्वपूर्ण डेटा नष्ट होने की आशंका है।

तकनीकी टीम मोबाइल फोन से ऑनलाइन गेमिंग, संभावित आर्थिक लेन-देन, बातचीत और घटना से संबंधित अन्य जानकारियां जुटाने का प्रयास करेगी।
कथित कर्ज के एंगल से भी पड़ताल
पुलिस ऑनलाइन गेमिंग में हुए नुकसान और कथित कर्ज के बीच संबंध की भी जांच कर रही है। दिलप्रीत के चाचा विदेश में रहते हैं और उसकी देखभाल के साथ आर्थिक मदद भी करते थे। उनके एक-दो दिन में गांव पहुंचने की संभावना है। पुलिस उनसे भी पूछताछ कर घटना से जुड़ी जानकारी हासिल करेगी।
जहरीला पदार्थ कहां से आया, पुलिस कर रही जांच
पुलिस इस बात का भी पता लगा रही है कि तीनों युवकों तक जहरीला पदार्थ कैसे पहुंचा और उसे निगलने का पूरा घटनाक्रम क्या था। मोबाइल फोन और दूसरे साक्ष्यों के आधार पर घटना के पीछे की वास्तविक वजह तलाशने की कोशिश की जा रही है।
परमजीत और मनिंदर साधारण परिवारों से ताल्लुक रखते थे। दो युवकों की मौत के बाद गांव में शोक और स्तब्धता का माहौल है। पुलिस मामले के सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है।
