बीबीएयू में बी.टेक. प्रवेश प्रक्रिया शुरू, जेईई मेन्स स्कोर के आधार पर होगा दाखिला
![]()
लखनऊ: बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय (बीबीएयू) ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए बी.टेक. कार्यक्रम में प्रवेश प्रक्रिया शुरू करने की घोषणा कर दी है। विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार बी.टेक. पाठ्यक्रमों में प्रवेश पूरी तरह जेईई मेन्स स्कोर और निर्धारित पात्रता शर्तों के आधार पर किया जाएगा।

विश्वविद्यालय द्वारा जारी अधिसूचना के मुताबिक प्रवेश पंजीकरण और पाठ्यक्रम विकल्प भरने की प्रक्रिया 17 जून 2026 से शुरू होकर 8 जुलाई 2026 तक चलेगी। अभ्यर्थियों को विश्वविद्यालय के प्रवेश पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन करना होगा।
प्रवेश प्रक्रिया के तहत सामान्य, अन्य पिछड़ा वर्ग और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए 1000 रुपये तथा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए 500 रुपये पंजीकरण शुल्क निर्धारित किया गया है।
बीबीएयू के अंतर्गत सिविल इंजीनियरिंग, कंप्यूटर साइंस एवं इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग तथा मैकेनिकल एवं ऑटोमोबाइल इंजीनियरिंग विभागों में कुल 150 सीटों पर प्रवेश दिया जाएगा। प्रत्येक विभाग में 30-30 सीटें निर्धारित हैं।

विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जेईई मेन्स के माध्यम से प्रवेश प्रक्रिया पूरी होने के बाद यदि सीटें रिक्त रहती हैं तो उन्हें विश्वविद्यालय की आरक्षण नीति के अनुसार सीयूईटी स्कोर के आधार पर भरा जाएगा। शेष सीटों पर प्रवेश सीयूईटी मेरिट के माध्यम से किया जाएगा, जिसकी अलग से सूचना जारी की जाएगी।
प्रशासन ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे प्रवेश से संबंधित नवीनतम जानकारी के लिए नियमित रूप से विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर विजिट करते रहें।
