बार-बेंच के बेहतर तालमेल से न्याय व्यवस्था होगी और मजबूत! गोण्डा में नवागत अपर आयुक्त का भव्य स्वागत, वकीलों से कही बड़ी बात

गोण्डा : अधिवक्ता समाज को न्याय व्यवस्था का प्रहरी बताते हुए नवागत अपर आयुक्त टैक्स (न्यायिक) ग्रेड द्वितीय संजय कुमार मिश्र ने कहा कि बार और बेंच के बीच बेहतर सामंजस्य न केवल न्यायिक हितों की पूर्ति सुनिश्चित करता है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और खेलकूद जैसी सामाजिक गतिविधियों को भी नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उन्होंने यह बात अवध टैक्स बार एसोसिएशन द्वारा आयोजित सम्मान समारोह में अधिवक्ताओं को संबोधित करते हुए कही।

लखनऊ से स्थानांतरित होकर गोण्डा पहुंचे अपर आयुक्त टैक्स (न्यायिक) ग्रेड द्वितीय संजय कुमार मिश्र का अधिवक्ताओं ने गर्मजोशी के साथ स्वागत और अभिनंदन किया। कार्यक्रम के दौरान न्यायिक व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने तथा न्यायिक प्रक्रिया में आपसी सहयोग बढ़ाने पर भी जोर दिया गया।
न्यायिक प्रक्रिया में सहयोग का संकल्प
सम्मान समारोह में अवध टैक्स बार एसोसिएशन के अध्यक्ष हीरालाल कश्यप, महामंत्री अमित कुमार गर्ग समेत उपस्थित अधिवक्ताओं ने न्यायिक प्रक्रिया में पूर्ण सहयोग देने का संकल्प दोहराया। वक्ताओं ने कहा कि न्याय व्यवस्था को मजबूत करने के लिए बार और बेंच के बीच समन्वय बेहद आवश्यक है।
आमजन को त्वरित और निष्पक्ष न्याय दिलाने पर जोर

अवध टैक्स बार एसोसिएशन के महामंत्री अमित कुमार गर्ग ने कहा कि अधिवक्ता न्यायिक प्रक्रिया में कदम से कदम मिलाकर कार्य करेंगे, जिससे आमजन को त्वरित और निष्पक्ष न्याय उपलब्ध कराया जा सके। उन्होंने कहा कि न्यायिक तंत्र की प्रभावशीलता बढ़ाने के लिए सभी पक्षों का समन्वित प्रयास जरूरी है।
कई वरिष्ठ अधिवक्ता रहे मौजूद
इस अवसर पर अलंकार सिंह, शैलेन्द्र कश्यप, पवन सोनी, शंभू तिवारी, अर्जुन वर्मा, अशोक गुप्ता, नीलेश श्रीवास्तव, अभय सिंह सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता उपस्थित रहे और नवागत अपर आयुक्त का स्वागत किया।
