Top Newsउत्तर प्रदेश

गरीब छात्राओं के लिए बड़ी खुशखबरी! अब 75% अंक पर भी मिलेगी रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी, सरकार बदलने जा रही नियम

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में उच्च शिक्षा प्राप्त कर रही गरीब और मेधावी छात्राओं के लिए बड़ी राहत की तैयारी है। विश्वविद्यालयों और डिग्री कॉलेजों में पढ़ने वाली छात्राओं को रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना का लाभ अब कम अंकों पर भी मिल सकेगा। उच्च शिक्षा विभाग की ओर से पहले 90 प्रतिशत अंक हासिल करने वाली छात्राओं को स्कूटी देने का प्रस्ताव तैयार किया गया था, लेकिन अब इसमें संशोधन किया जा रहा है। इसके साथ ही परिवार की वार्षिक आय सीमा को भी कम करने की तैयारी है। सरकार जल्द ही स्कूटी वितरण की प्रक्रिया शुरू करने की दिशा में नियमों को अंतिम रूप देने में जुटी है।

गरीब और जरूरतमंद छात्राओं तक योजना का लाभ अधिक से अधिक पहुंचाने के उद्देश्य से प्रस्ताव में बदलाव किया जा रहा है। विशेष रूप से गांव और कस्बों में रहने वाली उन छात्राओं को प्राथमिकता देने की तैयारी है, जिन्हें कॉलेज आने-जाने में वास्तविक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। इसी को ध्यान में रखते हुए पात्रता के लिए निर्धारित अंक प्रतिशत को घटाकर 80 प्रतिशत से 75 प्रतिशत तक करने और परिवार की वार्षिक आय सीमा को 10 से 12 लाख रुपये से कम करने का प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है।

प्रदेश के विश्वविद्यालयों और डिग्री कॉलेजों में विभिन्न पाठ्यक्रमों में करीब नौ लाख छात्राएं अध्ययनरत हैं। योजना के तहत स्नातक अंतिम वर्ष की छात्राओं को स्कूटी देने के प्रस्ताव पर भी विचार किया जा रहा है, ताकि जरूरतमंद और मेधावी छात्राओं को इसका सीधा लाभ मिल सके।

राज्यपाल की नाराजगी के बाद बदले जा रहे नियम

उच्च शिक्षा विभाग की ओर से पहले तैयार किए गए प्रस्ताव पर कुछ दिन पहले अलीगढ़ में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने नाराजगी जताई थी। उन्होंने कहा था कि योजना के नियम ऐसे बनाए जाएं, जिससे गांव और कस्बों की गरीब छात्राओं को प्राथमिकता के आधार पर स्कूटी मिल सके। इसी के बाद पात्रता संबंधी नियमों में संशोधन की प्रक्रिया तेज कर दी गई है।

करीब एक वर्ष पहले राज्य सरकार स्कूटी वितरण के लिए 400 करोड़ रुपये का बजट आवंटित कर चुकी है। अब उच्च शिक्षा विभाग संशोधित नियमों को अंतिम रूप देकर योजना के तहत स्कूटी वितरण की तैयारी कर रहा है। उम्मीद है कि पात्रता से जुड़े नए नियम जल्द जारी किए जाएंगे और इसके बाद लाभार्थियों को स्कूटी उपलब्ध कराई जाएगी।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------