सोनम वांगचुक को दूसरे अस्पताल ले जाने की मांग, पत्नी ने मेडिकल रिपोर्ट और पारदर्शिता पर उठाए सवाल
नई दिल्ली: सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की पत्नी गीतांजलि डी. आंगमो ने सफदरजंग अस्पताल के मेडिकल सुपरिंटेंडेंट को पत्र लिखकर उन्हें दूसरे अस्पताल में स्थानांतरित करने की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया कि अस्पताल प्रशासन ने मेडिकल जांच रिपोर्ट उपलब्ध नहीं कराई और पिछले कई दिनों से उनकी सेहत की निगरानी कर रहे डॉक्टरों को भी वांगचुक से मिलने की अनुमति नहीं दी गई।
मेडिकल रिपोर्ट साझा न करने का लगाया आरोप

गीतांजलि डी. आंगमो ने अपने पत्र में कहा कि उन्होंने अस्पताल प्रशासन से सोनम वांगचुक की मेडिकल जांच रिपोर्ट की डिजिटल और हार्ड कॉपी मांगी थी, लेकिन उन्हें उपलब्ध नहीं कराई गई। उनका कहना है कि इलाज से जुड़ी जानकारी साझा नहीं किए जाने के कारण परिवार में चिंता बढ़ गई है।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पिछले 20 दिनों से वांगचुक के स्वास्थ्य की निगरानी कर रहे नियमित चिकित्सकों को भी उनसे मिलने की अनुमति नहीं दी गई।
पोटेशियम स्तर में गिरावट पर जताई चिंता
पत्र के अनुसार, शनिवार सुबह अस्पताल की मेडिकल टीम ने परिवार को बताया कि सोनम वांगचुक का पोटेशियम स्तर घटकर 2.9 रह गया है, जबकि 17 जुलाई की शाम हुई जांच में यह 4.3 था। परिवार ने इस अचानक आई गिरावट पर भी चिंता व्यक्त करते हुए विस्तृत चिकित्सकीय जानकारी उपलब्ध कराने की मांग की है।
दूसरे अस्पताल में भर्ती कराने का अनुरोध

गीतांजलि डी. आंगमो ने पत्र में कहा कि मेडिकल जानकारी साझा न किए जाने और पारदर्शिता की कथित कमी के चलते परिवार का अस्पताल पर भरोसा प्रभावित हुआ है। इसी वजह से उन्होंने वांगचुक को बेहतर इलाज और विस्तृत चिकित्सकीय जांच के लिए किसी अन्य अस्पताल में स्थानांतरित करने की अनुमति देने तथा डिस्चार्ज की औपचारिकताएं जल्द पूरी करने का अनुरोध किया है।
भूख हड़ताल के बाद कराया गया था भर्ती
सोनम वांगचुक को अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल के दौरान तबीयत बिगड़ने के बाद शनिवार को सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अस्पताल प्रशासन की ओर से पहले बताया गया था कि लंबे उपवास और डिहाइड्रेशन के कारण वे कमजोर हुए हैं, हालांकि उनके जरूरी स्वास्थ्य संकेत स्थिर हैं और उन्हें चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है।
अस्पताल और जंतर-मंतर के आसपास सुरक्षा बढ़ाई गई
वांगचुक के अस्पताल में भर्ती होने के बाद जंतर-मंतर, सफदरजंग अस्पताल और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। दिल्ली पुलिस और अर्द्धसैनिक बलों की अतिरिक्त तैनाती की गई है तथा कई स्थानों पर बैरिकेडिंग कर आवाजाही पर निगरानी रखी जा रही है।
