खेल

गुकेश के ऐतिहासिक विश्व शतरंज चैंपियनशिप जीतने पर भारत में जश्न, नीरज चोपड़ा से लेकर सचिन तक ने दी बधाई

नई दिल्ली: भारतीय खेल जगत ने बृहस्पतिवार को विश्व चैंपियन बनकर इतिहास रचने वाले किशोर डी गुकेश की प्रशंसा करते हुए उन्हें लाखों युवाओं के लिए प्रेरणा बताया। अठारह वर्षीय गुकेश की जीत का जश्न पूरे देश में मनाया गया और उनकी अविश्वसनीय उपलब्धि की सराहना की गई। गुकेश ने सिंगापुर में चीन के डिंग लिरेन के खिलाफ खिताबी मुकाबले की 14वीं और आखिरी बाजी में जीत हासिल की।

पांच बार के विश्व चैंपियन और महान खिलाड़ी विश्वनाथन आनंद ने इतनी कम उम्र में इतनी बड़ी जीत हासिल करने के लिए गुकेश की प्रशंसा की। आनंद ने कहा, ‘‘यह एक बड़ी उपलब्धि है। 18 साल की उम्र में विश्व चैंपियन बनना कोई छोटी उपलब्धि नहीं है। जीत के बाद उन्हें जश्न मनाते देखना एक शानदार नजारा था। उम्मीद है कि इससे कई महत्वाकांक्षी खिलाड़ियों को प्रेरणा मिलेगी। ”

खेल मंत्री ने की प्रशंसा
गुकेश ने गैरी कास्परोव के 22 साल, छह महीने और 27 दिन के रिकॉर्ड को तोड़ा, जब उन्होंने 1985 में खिताब जीता था। खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने उन्हें शतरंज का प्रतिभाशाली खिलाड़ी बताया। उन्होंने लिखा, ‘‘प्रतिष्ठित विश्व शतरंज चैंपियनशिप का खिताब जीतने और शतरंज के इतिहास में सबसे कम उम्र के विश्व चैंपियन बनने के लिए डी गुकेश को मेरी हार्दिक शुभकामनाएं। आपकी कड़ी मेहनत और समर्पण ने पूरे देश को गौरवान्वित किया है। ”

क्या बोले नीरज चोपड़ा
देश के पहले और एकमात्र ट्रैक एंड फील्ड ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता चैंपियन भाला फेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘बधाई हो, गुकेश। दुनिया में सर्वश्रेष्ठ और ऐसा करने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी। भारत को गर्व है।”

सचिन तेंदुलकर ने भी दी बधाई
महान क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर ने कहा कि अपनी जीत के साथ गुकेश ने अनंत संभावनाओं की दुनिया खोल दी है। तेंदुलकर ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘64 खानों के खेल में आपने अनंत संभावनाओं की दुनिया खोल दी है। बधाई हो डी गुकेश सिर्फ 18 साल की उम्र में 18वें विश्व चैंपियन बनने पर! विशी के नक्शेकदम पर चलते हुए अब आप भारतीय शतरंज के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की अगली लहर का मार्गदर्शन कर रहे हैं। ”

भारत के पहले व्यक्तिगत ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता अभिनव बिंद्रा ने कहा कि गुकेश ने अपनी शानदार उपलब्धि से एक पीढ़ी को ‘बड़े सपने देखने’ के लिए प्रेरित किया है। बिंद्रा ने कहा, ‘‘गुकेश, विश्व शतरंज चैंपियन बनने पर बधाई। दबाव में आपकी प्रतिभा, दृढ़ संकल्प और शालीनता ने पूरे देश को गौरवान्वित किया है। आपने न केवल एक खिताब जीता है, बल्कि एक पीढ़ी को बड़े सपने देखने के लिए प्रेरित किया है। ” उन्होंने लिखा, ‘‘ आपको आगे और भी बड़ी सफलता की शुभकामनाएं। ”