राजनीतिराज्य

‘फर्जी वीडियो से बदनाम करने की साजिश!’ CM भगवंत मान का पलटवार, बोले- राजनीतिक मुकाबला नहीं कर पा रहे विरोधी

चंडीगढ़: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सिख गुरुओं की तस्वीरों के कथित अपमान से जुड़े वायरल वीडियो विवाद पर गुरुवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अपनी सफाई दी। उन्होंने कहा कि राजनीतिक विरोधी उनसे सीधे मुकाबला नहीं कर पा रहे हैं, इसलिए उन्हें धार्मिक आधार पर बदनाम करने की कोशिश की जा रही है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि वह श्री अकाल तख्त को चुनौती देने की सोच भी नहीं सकते, लेकिन जिस व्यक्ति को वीडियो में दिखाया जा रहा है, वह वह स्वयं नहीं हैं।

वीडियो में मास्क पहनकर की गई एक्टिंग: भगवंत मान

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने दावा किया कि वायरल वीडियो के पीछे एक बड़ी साजिश है। उन्होंने कहा कि वीडियो में उनकी एक्टिंग की गई है और संबंधित व्यक्ति ने उनका मास्क पहन रखा है। उनके अनुसार, वीडियो में दिखाई दे रहा शख्स मास्क लगाकर अभिनय कर रहा है, जबकि वास्तविकता कुछ और है।

‘तीनों राजनीतिक दल मुझे बदनाम करने में जुटे’

भगवंत मान ने आरोप लगाया कि उनके खिलाफ तीनों प्रमुख राजनीतिक दल एकजुट हो गए हैं। उन्होंने कहा कि अब वह इस वीडियो की सच्चाई सार्वजनिक करने जा रहे हैं। मुख्यमंत्री के मुताबिक, यह पूरा मामला राजनीतिक लाभ हासिल करने के उद्देश्य से रचा गया है और उन्हें योजनाबद्ध तरीके से निशाना बनाया जा रहा है।

अकाल तख्त को भेजेंगे वीडियो, जांच की करेंगे मांग

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह वीडियो अकाल तख्त को भेजा जाएगा और उससे इसकी जांच कराने का अनुरोध किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जगमन समरा के हाथ में उनका मास्क साफ दिखाई देता है। उनके अनुसार, यह वीडियो कनाडा में बनाया गया है और इसकी कई परतें अभी सामने आना बाकी हैं।

‘होटल के कमरे में गुरुसाहब की तस्वीर कौन लगाता है?’

भगवंत मान ने वीडियो की प्रामाणिकता पर सवाल उठाते हुए कहा कि होटल के कमरे में गुरुसाहब की तस्वीर लगाने जैसी बात संदेह पैदा करती है। उन्होंने कहा कि इस वीडियो को किसने प्रायोजित किया, इसके लिए पैसा कहां से आया और इसे तैयार करवाने के पीछे कौन लोग हैं, यह सब जल्द सामने आ जाएगा। मुख्यमंत्री का दावा है कि मास्क किसी अन्य व्यक्ति को पहनाकर यह पूरा वीडियो शूट कराया गया।

‘धार्मिक रूप से बदनाम करने की कोशिश हो रही’

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले कई दिनों से उनका फर्जी वीडियो वायरल कर राजनीतिक लाभ लेने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें धार्मिक रूप से बदनाम करने की साजिश रची जा रही है। भगवंत मान ने कहा कि उनकी सरकार ने पंजाब में कई ऐसे काम किए हैं जो पहले कभी नहीं हुए। उन्होंने बेअदबी कानून और पालकी साहिब पर लगने वाले टैक्स को माफ करने जैसे फैसलों का भी उल्लेख किया।

SGPC पर भी उठाए सवाल

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मुख्यमंत्री ने शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) से भी सवाल किया। उन्होंने कहा कि यदि उनके खिलाफ बोर्ड लगाने की बात की जा रही है, तो अन्य नेताओं के खिलाफ ऐसा क्यों नहीं किया गया। भगवंत मान ने कहा कि सुखबीर बादल पर भी आरोप लगे थे, लेकिन उस समय ऐसे बोर्ड नहीं लगाए गए। उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें अकाल तख्त साहिब में बुलाया गया था और उससे जुड़ा वीडियो भी जारी किया गया, लेकिन पूरी रिकॉर्डिंग सार्वजनिक नहीं की गई।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------