गोण्डा पुलिस में विदाई का सम्मान, 3 पुलिसकर्मी अधिवर्षिता पर हुए सेवानिवृत्त; शॉल, पुष्पमाला और स्मृति चिन्ह देकर किया गया सम्मानित

गोण्डा: जनपद गोण्डा पुलिस में अधिवर्षिता आयु पूर्ण करने के बाद तीन पुलिसकर्मी मंगलवार को सेवानिवृत्त हो गए। इस अवसर पर पुलिस लाइन स्थित सभागार में आयोजित विदाई समारोह में सेवानिवृत्त अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मानपूर्वक विदाई दी गई। कार्यक्रम में उन्हें शॉल, पुष्पमाला, स्मृति चिन्ह और धार्मिक पुस्तकें भेंट कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।

सम्मान समारोह में सेवाओं को किया गया याद
पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में सहायक पुलिस अधीक्षक अभिषेक दवाच्यॉ ने सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया। उन्होंने पुलिस विभाग में उनके लंबे सेवाकाल और योगदान की सराहना करते हुए कहा कि विभाग के प्रति उनकी सेवाएं सदैव प्रेरणास्रोत रहेंगी। साथ ही सेवानिवृत्ति के बाद भी पुलिस विभाग के साथ यथासंभव सहयोग बनाए रखने की अपेक्षा व्यक्त की।
अधिकारियों और परिजनों की मौजूदगी में दी गई भावभीनी विदाई

विदाई समारोह में क्षेत्राधिकारी आरआई अजय प्रताप सिंह सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। इस दौरान सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों के परिजन भी समारोह में शामिल हुए और सभी ने उन्हें भावभीनी विदाई देते हुए स्वस्थ, सुखद और उज्ज्वल जीवन की शुभकामनाएं दीं।
ये पुलिसकर्मी हुए सेवानिवृत्त
अधिवर्षिता आयु पूर्ण करने के बाद सेवानिवृत्त होने वाले पुलिसकर्मियों में उपनिरीक्षक भूपेन्द्र कुमार मिश्रा, उपनिरीक्षक उदय नारायण तिवारी और उर्दू अनुवादक एवं सह वरिष्ठ सहायक अहमद सईद खाँ शामिल हैं।
