गोंडा में हाईवे के 17 खतरनाक अवैध कट बंद करने के निर्देश:चौपाल सागर से लेकर बड़गांव तक चलेगा अभियान

गोंडा जिले में सड़क दुर्घटनाओं और जाम की समस्या को कम करने के लिए जिला प्रशासन और राष्ट्रीय राजमार्ग खंड, लखनऊ ने बड़ा अभियान शुरू किया है। गोंडा-लखनऊ और गोंडा-बलरामपुर हाईवे पर बने 17 खतरनाक अवैध कटों को बंद करने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं।

परिवहन विभाग और यातायात पुलिस की संयुक्त निगरानी में चौपाल सागर से बड़गांव चौराहा तक इन अवैध कटों को चिन्हित किया गया है। अधिकारियों के मुताबिक, इन कटों के कारण आए दिन सड़क दुर्घटनाएं होती थीं और दोनों तरफ लंबा जाम लग जाता था। कई बार वाहन चालक गलत दिशा से निकलने की कोशिश करते थे, जिससे हालात और गंभीर हो जाते थे।
जिन प्रमुख स्थानों पर अवैध कट बंद किए जाएंगे, उनमें जिला अस्पताल, दुःख हरण नाथ मंदिर, शिव मंदिर, मां काली भवानी देवी मंदिर, गुरु नानक चौराहा, मंडे नाला, फोरबिसगंज रोड, पीएनबी एटीएम हारीपुर, जय महाकाल, सरस्वती शिशु मंदिर, पथवालिया पोस्ट ऑफिस और अमित व आर्यन मोटर्स सहित कुल 17 स्थान शामिल हैं।

राष्ट्रीय राजमार्ग खंड, लखनऊ के अवर अभियंता सर्वेश ने बताया कि इन अवैध कटों को बंद करने में 5 लाख रुपये से अधिक की लागत आएगी। साथ ही अन्य हाईवे पर बने अवैध कटों को भी चिन्हित कर उनकी रिपोर्ट तैयार की जा रही है, ताकि उन्हें भी बंद किया जा सके।
गौरतलब है कि पिछले महीने भी अंबेडकर चौराहा से करनैलगंज तक 20 से अधिक अवैध कट बंद किए गए थे, जिसके बाद सड़क दुर्घटनाओं में कमी देखने को मिली थी। प्रशासन का मानना है कि इस नए अभियान से भी हाईवे पर सफर अधिक सुरक्षित होगा और जाम की समस्या में राहत मिलेगी।
