93.75 करोड़ की लागत से बन रहा भव्य वीवीआईपी गेस्ट हाउस, अयोध्या को मिलेगा आधुनिक आतिथ्य का नया प्रतीक

अयोध्या: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पहल पर रामकथा पार्क के निकट अति विशिष्ट अतिथि गृह का निर्माण तेजी से कराया जा रहा है। 93.75 करोड़ रुपये की लागत वाली यह महत्वाकांक्षी परियोजना धार्मिक नगरी अयोध्या में आधुनिक सुविधाओं से युक्त आतिथ्य व्यवस्था को नई पहचान देने की दिशा में अहम कदम मानी जा रही है। राज्य सम्पत्ति विभाग की इस परियोजना के नवंबर 2027 तक पूर्ण होने की संभावना है।

करीब 14510 वर्गमीटर क्षेत्रफल में विकसित किए जा रहे इस अत्याधुनिक परिसर में कई आधुनिक ब्लॉकों का निर्माण किया जा रहा है। परियोजना के तहत मुख्यमंत्री ब्लॉक (जी+4), आवासीय ब्लॉक (बी+जी+5), डार्मेट्री ब्लॉक (जी+5) और सर्विस ब्लॉक (जी+1) तैयार किए जा रहे हैं। इसके साथ ही गार्ड रूम, टाइम ऑफिस, पास ऑफिस, इलेक्ट्रिकल सबस्टेशन, सेंट्रल लॉन, वॉटर फाउंटेन, स्टाफ एवं विजिटर पार्किंग, विद्युतीकरण और जलापूर्ति जैसी सुविधाएं भी विकसित की जा रही हैं।
निर्माण कार्य में तेजी, कई चरणों का काम प्रगति पर
लोक निर्माण विभाग सीडी-2 के अधिशासी अभियंता उमेश चंद्र के अनुसार मुख्यमंत्री ब्लॉक में चौथी मंजिल पर प्लास्टर तथा तीसरी और चौथी मंजिल पर एमईपी एवं लिफ्ट संबंधी कार्य चल रहे हैं। वहीं आवासीय ब्लॉक में बेसमेंट स्लैब का कार्य पूरा किया जा चुका है। डार्मेट्री ब्लॉक में पेंटिंग और बाहरी प्लास्टर का कार्य जारी है। परियोजना में सभी ब्लॉकों को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया जा रहा है, जिससे उच्च श्रेणी की आवासीय व्यवस्था उपलब्ध हो सके।
वीवीआईपी आवागमन को मिलेगा बेहतर आधारभूत ढांचा
राम मंदिर निर्माण के बाद अयोध्या में लगातार बढ़ रहे वीवीआईपी और गणमान्य व्यक्तियों के आगमन को देखते हुए यह गेस्ट हाउस विशेष रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। परिसर में पर्याप्त पार्किंग, आकर्षक हरित क्षेत्र, सुंदर सेंट्रल लॉन, वॉटर फाउंटेन और सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं। इसके जरिए शहर की आतिथ्य क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होने की उम्मीद है।

गुणवत्ता और समयबद्धता पर विशेष फोकस
परियोजना के निर्माण कार्य की नियमित निगरानी की जा रही है ताकि गुणवत्ता और तय समयसीमा दोनों का पालन सुनिश्चित किया जा सके। अधिकारियों के स्तर पर लगातार समीक्षा की जा रही है और निर्माण कार्य की प्रगति पर नजर रखी जा रही है।
डीएम ने किया निरीक्षण, दिए समय पर कार्य पूरा करने के निर्देश
जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने हाल ही में परियोजना स्थल का निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यदायी संस्था के अधिकारियों को निर्माण की गुणवत्ता बनाए रखते हुए निर्धारित समय में परियोजना पूर्ण करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी का कहना है कि परियोजना पूरी होने के बाद यह अति विशिष्ट अतिथि गृह अयोध्या की भव्यता और आधुनिक पहचान को और अधिक मजबूती प्रदान करेगा।
