Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

यूपी की 125 सीटों पर ‘हम’ की नजर, रघु मिश्रा बोले- हमारे बिना किसी दल की सरकार बनना मुश्किल

पटना/लखनऊ: पटना के होटल पनाश में आयोजित हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा (सेक्युलर) की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में उत्तर प्रदेश अध्यक्ष रघु मिश्रा ने राज्य के राजनीतिक समीकरणों को लेकर बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की करीब 125 विधानसभा सीटों पर ब्राह्मण, मांझी, बिंद और निषाद मतदाता निर्णायक भूमिका में हैं और इन्हीं सीटों पर पार्टी सत्ता की चाबी तय करने की स्थिति में है।

राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में रखा यूपी का राजनीतिक रोडमैप

बैठक की शुरुआत में रघु मिश्रा ने मंच पर मौजूद पार्टी के मुख्य संरक्षक एवं केंद्रीय एमएसएमई मंत्री जीतन राम मांझी, राष्ट्रीय अध्यक्ष सह बिहार सरकार के कैबिनेट मंत्री डॉ. संतोष कुमार सुमन, बिहार प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री डॉ. अनिल सिंह, राष्ट्रीय प्रवक्ता श्याम सुंदर शरण, युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष कमाल परवेज, विधायकों, विभिन्न आयोगों के उपाध्यक्षों और देशभर से पहुंचे प्रतिनिधियों व कार्यकर्ताओं का स्वागत किया।

अपने संबोधन में उन्होंने उत्तर प्रदेश के मौजूदा राजनीतिक हालात पर पार्टी का नजरिया सामने रखा। रघु मिश्रा ने कहा कि प्रदेश की राजनीतिक परिस्थितियां इस समय ऐसी हैं, जहां करीब 125 विधानसभा सीटों पर ब्राह्मण, मांझी, बिंद और निषाद मतदाताओं की भूमिका निर्णायक हो सकती है।

मांझी, बिंद और निषाद समाज को लेकर किया बड़ा दावा

रघु मिश्रा ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश का मांझी, बिंद और निषाद समाज जीतन राम मांझी के प्रति आस्था रखता है। उन्होंने आरोप लगाया कि इन वर्गों के नाम पर अब तक राजनीति करने वाले नेताओं और राजनीतिक दलों ने उन्हें ठगने और छलने का काम किया है।

उन्होंने कहा कि यदि राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. संतोष कुमार सुमन के नेतृत्व में हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा उत्तर प्रदेश में मजबूती के साथ चुनाव मैदान में उतरता है, तो पार्टी के कार्यकर्ता विधानसभा और उच्च सदन में अपना प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने की दिशा में आगे बढ़ेंगे।

ब्राह्मण समाज को लेकर भी पार्टी ने साधा निशाना

रघु मिश्रा ने ब्राह्मण समाज का मुद्दा उठाते हुए कहा कि प्रदेश के पारंपरिक राजनीतिक दलों से यह समाज खुद को उपेक्षित और आहत महसूस कर रहा है। उनका आरोप है कि दूसरे दल ब्राह्मण समाज का वोट तो लेते हैं, लेकिन सत्ता में आने के बाद उसे अपेक्षित सम्मान नहीं देते।

उन्होंने कहा कि इसके विपरीत हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा के मुख्य संरक्षक जीतन राम मांझी और राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. संतोष कुमार सुमन ने एक ब्राह्मण को उत्तर प्रदेश की जिम्मेदारी देकर भरोसा जताया है। उनके मुताबिक इससे प्रदेश में यह संदेश गया है कि ब्राह्मण समाज का सम्मान हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा में सुरक्षित है।

‘हम’ के बिना सरकार बनाना संभव नहीं, यूपी अध्यक्ष का दावा

रघु मिश्रा ने कहा कि आने वाले समय में उत्तर प्रदेश में किस राजनीतिक दल की सरकार बनेगी, इसमें हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा की भूमिका अहम होगी। उन्होंने दावा किया कि पार्टी के सक्रिय सहयोग के बिना किसी भी राजनीतिक दल के लिए उत्तर प्रदेश में सरकार बनाना संभव नहीं होगा।

उन्होंने पार्टी के संगठन को प्रदेश में और मजबूत करने तथा जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने की जरूरत पर भी जोर दिया।

संतोष सुमन और जीतन राम मांझी करेंगे यूपी का दौरा

राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक के अंत में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. संतोष कुमार सुमन ने उत्तर प्रदेश में संगठन के व्यापक विस्तार की घोषणा की। उन्होंने आश्वासन दिया कि वह स्वयं उत्तर प्रदेश का दौरा करेंगे और पार्टी के संगठनात्मक विस्तार को गति देंगे।

इसके साथ ही पार्टी के मुख्य संरक्षक एवं केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी के भी उत्तर प्रदेश में लगातार कार्यक्रम और जनसभाएं आयोजित किए जाने की बात कही गई। पार्टी नेतृत्व का कहना है कि इन गतिविधियों के जरिए हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा उत्तर प्रदेश में खुद को एक मजबूत राजनीतिक विकल्प के रूप में स्थापित करने की दिशा में आगे बढ़ेगा।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------