Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

रुहेलखण्ड विश्वविद्यालय द्वारा संचालित पंडित दीनानाथ मिश्रा इंटर कॉलेज एवं दिशा इंटर कॉलेज में उल्लासपूर्वक मनाया गया स्वतंत्रता दिवस: विद्यार्थियों ने दी शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां

बरेली,15 अगस्त। महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखण्ड विश्वविद्यालय, बरेली से द्वारा संचालित पंडित दीनानाथ मिश्रा इंटर कॉलेज एवं दिशा इंटर कॉलेज, बरेली में स्वतंत्रता दिवस समारोह अत्यंत हर्षोल्लास एवं देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. के.पी. सिंह द्वारा ध्वजारोहण के साथ किया गया। ध्वजारोहण के पश्चात विद्यार्थियों एवं उपस्थित शिक्षकों ने राष्ट्रगान के माध्यम से राष्ट्र के प्रति अपनी श्रद्धा एवं सम्मान व्यक्त किया।
इस अवसर पर विद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीतों, नृत्य, नाट्य प्रस्तुतियों एवं अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से स्वतंत्रता संग्राम के वीरों के त्याग, बलिदान और राष्ट्रप्रेम को अभिव्यक्त किया। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित सभी लोगों में देशभक्ति और राष्ट्रीय गौरव की भावना का संचार किया।
इस अवसर पर कुलपति प्रोफेसर के.पी. सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि स्वतंत्रता हमें असंख्य स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, संघर्ष और बलिदान से प्राप्त हुई है। इसलिए हमारा दायित्व है कि हम स्वतंत्रता के मूल्यों को समझें और देश की एकता, अखंडता एवं प्रगति के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करें। उन्होंने कहा कि आज के विद्यार्थी ही कल के भारत के निर्माता हैं। विद्यार्थियों को अपने अध्ययन के साथ अनुशासन, नैतिकता, वैज्ञानिक दृष्टिकोण, संवेदनशीलता और राष्ट्रप्रेम को अपने जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों का आह्वान किया कि वे अपने ज्ञान एवं प्रतिभा का उपयोग समाज और राष्ट्र के विकास में करें तथा विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं।
शिक्षा का उद्देश्य केवल परीक्षा में अच्छे अंक प्राप्त करना नहीं, बल्कि ऐसे जिम्मेदार नागरिक तैयार करना है जो राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों को समझें और समाज के निर्माण में सकारात्मक योगदान दें। उन्होंने विद्यार्थियों को स्वतंत्रता सेनानियों के जीवन से प्रेरणा लेकर निरंतर आगे बढ़ने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रोफेसर एस.के. पाण्डेय प्रो. आलोक श्रीवास्तव, डॉ. ज्योति पाण्डेय, श्री मति पुष्पलता गुप्ता, श्री मति बिनीता प्रकाश , श्री तपन वर्मा सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
समारोह के दौरान विद्यालय परिसर देशभक्ति के नारों, गीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से गूंज उठा। विद्यार्थियों में स्वतंत्रता दिवस को लेकर विशेष उत्साह दिखाई दिया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्र के प्रति समर्पण, एकता और अखंडता के संकल्प के साथ हुआ।

बरेली से अखिलेश चन्द्र सक्सेना की रिपोर्ट

---------------------------------------------------------------------------------------------------