राज्य

नई दिल्ली: उत्तम नगर में विजय सेल्स शोरूम में भीषण आग, 15 दमकल गाड़ियों ने पाया काबू

नई दिल्ली: दिल्ली के उत्तम नगर इलाके में बुधवार तड़के विजय सेल्स के एक शोरूम में भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग की ऊंची लपटें और काले धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई दिया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

नजफगढ़ रोड स्थित शोरूम में लगी आग
जानकारी के अनुसार, नजफगढ़ रोड पर स्थित विजय सेल्स के शोरूम में तड़के अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे भवन को अपनी चपेट में ले लिया। आग के कारण आसपास के इलाके में धुआं फैल गया और स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल बन गया।

15 दमकल गाड़ियों ने कई घंटे में बुझाई आग
घटना की सूचना सुबह करीब 4:15 बजे दिल्ली फायर सर्विस को मिली। शुरुआत में तीन दमकल गाड़ियों को मौके पर भेजा गया, लेकिन आग की गंभीरता को देखते हुए कुल 15 दमकल वाहनों को तैनात किया गया। दमकल कर्मियों ने लगातार कई घंटे तक अभियान चलाकर सुबह करीब 6:30 बजे आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। इसके बाद कूलिंग ऑपरेशन जारी रखा गया।

350 वर्ग गज में बने भवन को पहुंचा नुकसान
दमकल विभाग के अनुसार, आग करीब 350 वर्ग गज क्षेत्र में बने बेसमेंट, ग्राउंड फ्लोर और तीन मंजिला भवन में फैली थी। यह इलेक्ट्रॉनिक सामान का शोरूम था, जहां रखा लाखों रुपये का इलेक्ट्रॉनिक और अन्य सामान जलकर नष्ट हो गया।

आग लगने के कारणों की होगी जांच
दिल्ली फायर सर्विस के डिविजनल फायर अधिकारी राजेंद्र अटवाल ने बताया, “आग कैसे लगी, यह जांच का विषय है। हमें सुबह 4:15 बजे सूचना मिली थी। यह इलेक्ट्रॉनिक सामान का शोरूम है, जिसमें आग लगी थी। मौके पर 15 दमकल गाड़ियां भेजी गईं। आग पर काबू पा लिया गया है और फिलहाल कूलिंग ऑपरेशन जारी है। अभी तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।”

पुलिस और प्रशासन भी मौके पर पहुंचा
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही आग लगने की वजह स्पष्ट हो सकेगी।

---------------------------------------------------------------------------------------------------