Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

एम.जे.पी. रुहेलखण्ड विश्वविद्यालय की वित्त समिति की बैठक में छात्रहित में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए

बरेली,27 जुलाई। महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखण्ड विश्वविद्यालय के कुलपति कार्यालय स्थित समिति कक्ष में आज विश्वविद्यालय की वित्त समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर के.पी. सिंह ने की। इस बैठक में शैक्षणिक सत्र 2026-27 को दृष्टिगत रखते हुए छात्रों के सर्वांगीण विकास और आर्थिक सुविधा को प्राथमिकता देते हुए अनेक ऐतिहासिक निर्णय लिए गए।

व्यवसाय प्रबंधन विभाग में नए पाठ्यक्रमों का शुल्क निर्धारण :-

बैठक में व्यवसाय प्रबंधन विभाग द्वारा प्रस्तावित नौ नए रोजगारपरक पाठ्यक्रमों के शुल्क का निर्धारण शासनादेशो के अनुरूप किया गया। इन पाठ्यक्रमों में आधुनिक समय की आवश्यकताओं के अनुरूप बैंकिंग, रिटेल, लॉजिस्टिक्स, हेल्थकेयर, टूरिज्म एवं हॉस्पिटैलिटी जैसे क्षेत्रों को शामिल किया गया है। ये पाठ्यक्रम विद्यार्थियों को उद्योग जगत की वास्तविक चुनौतियों के लिए तैयार करेंगे।

छात्रों को राहत: बी.एम.सी. की वार्षिक फीस में कमी :-

अपनी छात्र-केंद्रित सोच के तहत समिति ने व्यवसाय प्रशासन विभाग में पूर्व से संचालित स्नातक पाठ्यक्रम बी.एम.सी. (बैचलर ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज) के शुल्क में भारी राहत प्रदान की है। पूर्व में यह शुल्क ₹50,000 वार्षिक था, जिसे अब घटाकर ₹40,000 प्रति वर्ष कर दिया गया है। यह निर्णय सत्र 2026-27 के लिए लागू होगा तथा अन्य स्नातक पाठ्यक्रमों के शुल्क में समानता लाने के उद्देश्य से लिया गया है।

खेल सुविधाओं हेतु बाहरी खिलाड़ियों के लिए शुल्क निर्धारण :-

विश्वविद्यालय के बाहर के लोगों में खेल-कूद को बढ़ावा देने के लिए एथलेटिक ट्रैक, बैडमिंटन कोर्ट, टेबल टेनिस कोर्ट, शूटिंग रेंज, बॉक्सिंग रिंग एवं बास्केटबॉल कोर्ट के उपयोग हेतु विभिन्न शुल्कों का भी निर्धारण किया गया। इससे विद्यार्थियों के साथ ही अन्य लोग भी नियमित रूप से खेल गतिविधियों में भाग ले सकेंगे और अपने शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ कर सकेंगे।

कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) के क्षेत्र में ऐतिहासिक पहल :-

आधुनिक शिक्षा की मांगों को पूरा करते हुए विश्वविद्यालय ने शिक्षण, प्रशिक्षण एवं शोध में AI तकनीक के सुचारू एवं प्रभावशाली क्रियान्वयन हेतु आगामी वर्षों में ₹5 करोड़ के बजट का प्रावधान अनुमोदित किया है। यह विश्वविद्यालय के डिजिटल और तकनीकी शिक्षा की दिशा में एक बड़ी छलांग है, जिससे छात्रों को भविष्य की चुनौतियों के लिए कुशल बनाया जा सकेगा।

शारीरिक शिक्षा पाठ्यक्रम B.P.E.S. हेतु शुल्क निर्धारण :-

डॉ. संदीप कुमार, विभागाध्यक्ष (भौतिक शिक्षा विभाग) द्वारा B.P.E.S. पाठ्यक्रम के सत्र 2026-27 हेतु शासनादेशों के अनुरूप प्रस्तावित शुल्क पर समिति ने अपनी स्वीकृति प्रदान कर दी है।

कुलपति प्रोफेसर के.पी. सिंह का संदेश:

“महात्मा ज्योतिबा फूले रोहिलखंड विश्वविद्यालय सदैव अपने छात्रों के सर्वांगीण विकास एवं आर्थिक हित के लिए प्रतिबद्ध रहा है। आज लिए गए निर्णय इसी प्रतिबद्धता की परिणति हैं।

साथ ही, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) के क्षेत्र में ₹5 करोड़ का निवेश हमारे विश्वविद्यालय को तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में एक नई पहचान देगा। हम चाहते हैं कि हमारे छात्र न केवल पारंपरिक ज्ञान में, बल्कि आधुनिक तकनीकों में भी निपुण हों, ताकि वे राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अपनी एक अलग पहचान बना सकें।

बाहरी व्यक्तियों के लिए खेल सुविधाओं के शुल्क निर्धारण का उद्देश्य भी लोगों को एक स्वस्थ और प्रतिस्पर्धी माहौल प्रदान करना है। विश्वविद्यालय प्रशासन भविष्य में भी छात्र, समाज और देश हित में निर्णय लेता रहेगा।”

बरेली से अखिलेश चन्द्र सक्सेना की रिपोर्ट

---------------------------------------------------------------------------------------------------