खेलराज्य

‘नेशनल ताइक्वांडो प्लेयर अवॉर्ड’ से सम्मानित हुए नौ खिलाड़ी, जिले का नाम किया रोशन

गाज़ियाबाद/लखनऊ, 2 अगस्त। देश के प्रतिष्ठित 7वें ताइक्वांडो हॉल ऑफ फेम इंडिया-2026 का भव्य आयोजन एलोरा होटल, लालबाग, लखनऊ में जिम्मी आर. जिगटानी के नेतृत्व में संपन्न हुआ समारोह में देशभर के उत्कृष्ट खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों एवं ताइक्वांडो के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तित्वों को सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर गाज़ियाबाद ताइक्वांडो एसोसिएशन के अंतर्गत संचालित द स्कूल ऑफ ताइक्वांडो के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन के दम पर “नेशनल ताइक्वांडो प्लेयर अवॉर्ड” प्राप्त कर जिले का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया। सम्मानित खिलाड़ियों में चिराग भाटी, सनी सिंह, सृष्टि सिंह, नैतिक भाटी, ओम वत्स, आयुष शर्मा, अंशिका शर्मा, आशीष एवं आदित्य भाटी शामिल रहे। इन सभी खिलाड़ियों ने कोच मालविका सिंह के कुशल मार्गदर्शन, अनुशासित प्रशिक्षण और अथक मेहनत के बल पर यह प्रतिष्ठित सम्मान हासिल किया।

गाज़ियाबाद ताइक्वांडो एसोसिएशन के महासचिव नरेश कुमार सिंह ने कहा कि यह सम्मान खिलाड़ियों की वर्षों की मेहनत, समर्पण और अनुशासन का परिणाम है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों एवं कोच मालविका सिंह को बधाई देते हुए कहा कि गाज़ियाबाद के खिलाड़ी लगातार राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहे हैं। यह उपलब्धि पूरे जिले के लिए गर्व का विषय है और आने वाली पीढ़ी के खिलाड़ियों को भी उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करेगी। इस उपलब्धि पर द स्कूल ऑफ ताइक्वांडो एवं गाज़ियाबाद ताइक्वांडो एसोसिएशन के पदाधिकारियों, खिलाड़ियों एवं अभिभावकों ने सभी सम्मानित खिलाड़ियों को शुभकामनाएँ देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

---------------------------------------------------------------------------------------------------