यूपी में 2700 फार्मेसी कॉलेज और 1100 फार्मा इंडस्ट्रीज, अब अलग फार्मेसी विश्वविद्यालय की मांग तेज; प्रो. अमरीका सिंह ने उठाया मुद्दा

लखनऊ: उत्तर प्रदेश फार्मेसी कॉलेज एवं फार्मा इंडस्ट्रीज वेलफेयर एसोसिएशन की अध्यक्ष और पूर्व कुलपति प्रो. अमरीका सिंह ने आगरा में होमगार्ड के उप महानिरीक्षक संजीव कुमार शुक्ला से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान एसोसिएशन के महामंत्री प्रो. डॉ. दुर्गेश मणि त्रिपाठी भी मौजूद रहे। बैठक में प्रदेश में फार्मेसी शिक्षा और फार्मा उद्योग के विकास समेत कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई।

फार्मेसी शिक्षा और उद्योग के बीच समन्वय पर जोर
प्रो. अमरीका सिंह ने मुलाकात के दौरान एसोसिएशन की गतिविधियों और उद्देश्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश में वर्तमान में करीब 2700 फार्मेसी कॉलेज और 1100 फार्मा इंडस्ट्रीज संचालित हैं। उन्होंने कहा कि फार्मेसी शिक्षा और फार्मा उद्योग के समग्र विकास के लिए दोनों क्षेत्रों के बीच बेहतर तालमेल और आपसी समन्वय बेहद जरूरी है।
उन्होंने कहा कि फार्मेसी कॉलेजों और उद्योगों के बीच मजबूत समन्वय से छात्रों को शिक्षा के साथ-साथ व्यावहारिक अनुभव और बेहतर अवसर भी मिल सकेंगे। इससे प्रदेश में फार्मेसी क्षेत्र को और मजबूती देने में मदद मिलेगी।
उत्तर प्रदेश फार्मेसी विश्वविद्यालय की स्थापना की मांग
प्रो. अमरीका सिंह ने उत्तर प्रदेश में अलग फार्मेसी विश्वविद्यालय स्थापित किए जाने की मांग को भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि प्रदेश की विशाल आबादी और फार्मेसी की पढ़ाई करने वाले छात्रों की शैक्षणिक जरूरतों को देखते हुए एसोसिएशन लंबे समय से राज्य सरकार से उत्तर प्रदेश फार्मेसी विश्वविद्यालय की स्थापना की मांग कर रहा है।
उन्होंने कहा कि जिस तरह महामना मदन मोहन मालवीय के प्रयासों से बनारस हिंदू विश्वविद्यालय की स्थापना हुई थी, उसी तरह उत्तर प्रदेश में फार्मेसी विश्वविद्यालय की स्थापना के लिए भी सरकार से आग्रह किया जा रहा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि इस दिशा में होने वाले प्रयासों में एसोसिएशन हर संभव सहयोग करेगा।

दूसरे राज्यों में छात्रों के पलायन पर जताई चिंता
मुलाकात के दौरान प्रो. सिंह ने फार्मेसी की उच्च शिक्षा और प्रवेश के लिए उत्तर प्रदेश के छात्रों के दूसरे राज्यों की ओर पलायन पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि प्रदेश में ही उच्चस्तरीय फार्मेसी शिक्षा की बेहतर व्यवस्था उपलब्ध होने से छात्रों को दूसरे राज्यों का रुख करने की जरूरत कम हो सकती है।
बैठक में फार्मेसी शिक्षा, उद्योग और छात्रों से जुड़े कई अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी विचार-विमर्श किया गया।
संजीव कुमार शुक्ला ने प्रयासों की सराहना की
होमगार्ड, आगरा के उप महानिरीक्षक संजीव कुमार शुक्ला ने उत्तर प्रदेश फार्मेसी कॉलेज एवं फार्मा इंडस्ट्रीज वेलफेयर एसोसिएशन की ओर से किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने एसोसिएशन के आगामी कार्यों के लिए शुभकामनाएं देते हुए अपना पूर्ण समर्थन व्यक्त किया।
