Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

गणतंत्र दिवस पर अखाड़ों में फहरेगा तिरंगा, आज से किसान ‘महाकुंभ’, अन्नदाता देश भर में निकालेंगे ट्रेक्टर रैली

मथुरा: जहां आज महाकुंभ का 14वां दिन जारी है। वहीं यहां संगम में अब तक 11.47 करोड़ श्रद्धालु स्नान कर चुके हैं। खबर है कि, आज गणतंत्र दिवस पर अखाड़ों में सुबह राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया जाएगा। वहीं आज से प्रयागराज महाकुंभ में ‘किसान महाकुंभ’ का आयोजन किया जा रहा है जिसमें 11 राज्‍यों के किसानों के शामिल होने की संभावना है। वहीं आज प्रदर्शनकारी किसान देशभर में ट्रैक्टर मार्च भी निकालेंगे।

जानकारी दें कि, प्रयागराज महाकुंभ में आज यानी 26 जनवरी से 29 जनवरी तक ‘किसान महाकुंभ’ का आयोजन किया जा रहा है जिसमें 11 राज्‍यों के किसानों के शामिल होने की संभावना है। बीते शनिवार को भारतीय किसान यूनियन (BKU) (अराजनैतिक) के आगरा व अलीगढ़ मण्डल के अध्यक्ष राजकुमार तोमर ने पत्रकारों को बताया कि 26 से 29 जनवरी तक प्रयागराज महाकुंभ में ‘किसान महाकुंभ’ का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें लाखों किसान शामिल होंगे।

मिली जानकारी के अनुसार किसान महाकुंभ में उत्तर प्रदेश, हरियाणा, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड, राजस्थान सहित 11 प्रदेशों के किसान भाग लेंगे। इस बाबत तोमर ने कहा था कि, ‘‘हमारा देश कृषि और ऋषि संस्कृति वाला देश है। इस बार प्रयाग में कृषि एवं ऋषि का अनूठा संगम आयोजित किया जा रहा है, जिसमें वैदिक कृषि को बढ़ाए जाने को लेकर भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) अखाड़ों के संतों के साथ भी चर्चा करेगी।”

उन्होंने यह भी कहा कि, इसके अलावा किसानों की आय में वृद्धि, फसलों का लाभकारी मूल्य, मूल्य संवर्धन, सस्ता कृषि ऋण, फसल बीमा योजना, जलवायु परिवर्तन का कृषि पर विपरीत प्रभाव, संगठनात्मक ढांचा, सदस्यता अभियान जैसे अहम विषयों पर चर्चा कर समाधान ढूंढ़ने का प्रयास किया जाएगा।

उन्होंने यह भी बताया कि किसान महाकुंभ के अंतिम दिन 29 जनवरी को किसान महापंचायत का आयोजन किया जाएगा जिसमें आगामी छह माह के कार्यक्रम की घोषणा की जाएगी। किसान महाकुंभ में भाकियू (अराजनैतिक) के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेश सिंह चौहान, संरक्षक बाबा राजेन्द्र सिंह मलिक सहित सभी राष्ट्रीय एवं प्रदेशों की कार्यसमिति के लोग भी इसमें भाग लेंगे।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया The Lucknow Tribune के  Facebook  पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें... -------------------------