Top Newsदेश

20 दिन की भूख हड़ताल के बाद सोनम वांगचुक अस्पताल में भर्ती, सफदरजंग ने जारी किया हेल्थ अपडेट

नई दिल्ली: जलवायु कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को 20 दिन की भूख हड़ताल के बाद शनिवार को दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल प्रशासन ने बताया कि लंबे समय तक उपवास और शरीर में पानी की कमी के कारण वह कमजोर हो गए हैं। हालांकि फिलहाल उनकी स्थिति स्थिर है, लेकिन उन्हें लगातार चिकित्सकीय निगरानी और उपचार की आवश्यकता है।

सफदरजंग अस्पताल ने क्या बताया?

सफदरजंग अस्पताल की मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. चारू बांबा ने बताया कि सोनम वांगचुक शनिवार सुबह करीब 7:40 बजे अस्पताल पहुंचे। लंबे समय तक भूख हड़ताल पर रहने के कारण उनके शरीर में हल्का डिहाइड्रेशन है और कमजोरी महसूस की जा रही है।

उन्होंने कहा कि वांगचुक पूरी तरह होश में हैं तथा उनके सभी जरूरी वाइटल पैरामीटर्स फिलहाल सामान्य और स्थिर हैं। अस्पताल में उनकी लगातार जांच की जा रही है और आवश्यक उपचार जारी है।

इलेक्ट्रोलाइट्स का संतुलन हुआ प्रभावित

अस्पताल के अनुसार, शरीर में पानी की कमी के चलते उनके इलेक्ट्रोलाइट्स का संतुलन कुछ प्रभावित हुआ है। इसी वजह से उन्हें कुछ समय तक चिकित्सकीय निगरानी में रखा जाएगा। स्वास्थ्य की दोबारा समीक्षा के बाद आगे की उपचार प्रक्रिया तय की जाएगी।

अस्पताल पहुंचने के बाद सबसे पहले इमरजेंसी मेडिसिन विभाग के चिकित्सकों ने उनका परीक्षण किया, जिसके बाद उन्हें मेडिसिन विभाग में भर्ती कर लिया गया।

डॉक्टरों की सलाह के बाद कराया गया भर्ती

सूत्रों के मुताबिक, सफदरजंग अस्पताल में सोनम वांगचुक के इलाज के लिए दो डॉक्टरों और दो पैरामेडिकल कर्मियों की टीम तैनात की गई है।

दिल्ली पुलिस सूत्रों के अनुसार, शनिवार सुबह आरएमएल अस्पताल के डॉक्टरों और पैरामेडिकल टीम ने जंतर-मंतर पर उनका स्वास्थ्य परीक्षण किया था। जांच के दौरान डॉक्टरों ने उनकी बिगड़ती सेहत को देखते हुए अस्पताल में भर्ती होने की सलाह दी थी।

बताया गया कि शुरुआत में सोनम वांगचुक ने अस्पताल जाने से इनकार कर दिया था। इसके बाद डॉक्टरों की सलाह और स्वास्थ्य स्थिति को देखते हुए दिल्ली पुलिस उन्हें एंबुलेंस से जंतर-मंतर से सफदरजंग अस्पताल लेकर पहुंची।

पत्नी ने उपचार को लेकर रखी मांग

अस्पताल में भर्ती होने के बाद सोनम वांगचुक की पत्नी गीतांजलि जे. आंगमो ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक पोस्ट साझा की। उन्होंने कहा कि वह स्वयं सफदरजंग अस्पताल में मौजूद हैं।

उन्होंने आग्रह किया कि परिवार और पिछले 20 दिनों से उनकी सेहत की निगरानी कर रहे डॉक्टरों की सहमति के बिना सोनम वांगचुक को न तो मुंह के जरिए कोई दवा या तरल पदार्थ दिया जाए और न ही नस के माध्यम से कोई उपचार शुरू किया जाए।

फिलहाल अस्पताल प्रशासन का कहना है कि सोनम वांगचुक पूरी तरह सचेत हैं, उनके जरूरी स्वास्थ्य संकेत स्थिर हैं और डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------