Monday, August 17, 2026
Latest:
Top Newsराज्य

सोनम वांगचुक ने खत्म किया अनशन, लेकिन CJP का आंदोलन नहीं रुकेगा; अभिजीत दीपके ने साफ कर दी आगे की रणनीति

नई दिल्ली: सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक द्वारा 26 दिनों की भूख हड़ताल समाप्त किए जाने के बाद भी जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का धरना जारी रहेगा। पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने स्पष्ट किया है कि जब तक केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा नहीं देते, तब तक संगठन का शांतिपूर्ण प्रदर्शन खत्म नहीं होगा।

सोनम वांगचुक ने केंद्र सरकार से अपनी प्रमुख मांगों पर आश्वासन मिलने के बाद गुरुवार देर रात अपना अनिश्चितकालीन अनशन समाप्त कर दिया। हालांकि, इसके बावजूद आंदोलन जारी रखने का फैसला किया गया है।

अभिजीत दीपके बोले- आपका त्याग देश हमेशा याद रखेगा

अभिजीत दीपके ने सोशल मीडिया पर साझा किए गए संदेश में सोनम वांगचुक के साहस और त्याग की सराहना की। उन्होंने कहा कि 26 दिनों तक अनशन जारी रखने के बाद उसके समाप्त होने से संगठन को राहत और खुशी मिली है। उन्होंने कहा कि वांगचुक ने अपनी जान जोखिम में डालकर पूरे देश की अंतरात्मा को झकझोरने का काम किया है और उनका जीवन देश के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।

धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे तक जारी रहेगा धरना

दीपके ने दोहराया कि CJP का शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन तब तक जारी रहेगा, जब तक केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान अपने पद से इस्तीफा नहीं देते। उन्होंने कहा कि संगठन अपनी प्रमुख मांगों को लेकर पहले की तरह जंतर-मंतर पर डटा रहेगा।

सरकार ने प्रमुख मांगों पर दिया आश्वासन

केंद्र सरकार ने सोनम वांगचुक को भरोसा दिलाया है कि शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की जाएगी। साथ ही परीक्षा व्यवस्था में सुधार और कथित नीट पेपर लीक से प्रभावित छात्रों के परिवारों को मुआवजा देने जैसी प्रमुख मांगों पर भी विचार किया जाएगा। इसी आश्वासन के बाद वांगचुक ने अपना अनशन समाप्त करने का निर्णय लिया।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------