UP Weather: आज दोपहर बाद साफ होगा आसमान, रात का तापमान गिरेगा; 18 से फिर बदलेगा मौसम

 


UP Weather: यूपी में बदली, बूंदाबांदी का सिलसिला गुरुवार से थमने की उम्मीद है। प्रदेश के दक्षिणी हिस्से के ऊपर बनी चक्रवाती हवा के दबाव की स्थिति कमजोर पड़ गई है। साथ ही पछुआ का प्रभाव फिर से शुरू होगा। ऐसे में दिन के तापमान में बढ़ोतरी होगी। दोपहर बाद आसमान साफ हो सकता है लेकिन रात में पारा गिरेगा। 18 फरवरी के बाद एक बार फिर मौसम बदलने की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार की शाम से पछुआ में तेजी आएगी। इससे रात के तापमान में 2 से 3 डिग्री तक की गिरावट हो सकती है। वहीं, बुधवार को दिन भर बादल छाए रहे। दिन के तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की गई। यह सामान्य से 1.2 डिग्री सेल्सियस कम, 24.3 दर्ज किया गया। हवा का रुख दक्षिण पूर्व से पश्चिम की ओर रहने के कारण रात के तापमान में 5.7 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज हुई। यह 16.0 डिग्री सेल्सियस रहा।

इसलिए बदला मौसम का रुख अमौसी स्थित मौसम केन्द्र के अनुसार अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से आ रही नम और गर्म हवाओं के टकराव से चक्रवाती स्थिति बनी थी। इसका असर प्रदेश के दक्षिणी और पूर्वी हिस्से पर अधिक रहा। लखनऊ और आसपास के इलाकों में सिर्फ बूंदाबांदी ही हुई।

दिन में तापमान बढ़ेगा
सुबह के बाद से पछुआ धीरे-धीरे जोर पकड़ेगी। सुबह कुछ समय के लिए हल्का या मध्यम कोहरा हो सकता है। दिन में आसमान साफ रहने से तापमान बढ़ेगा। यह 25 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। रात में न्यूनतम तापमान 13.0 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है।

पूर्वांचल में सर्द हवाएं
गोरखपुर में बादलों की सक्रियता बनी हुई है। लगातार दूसरे दिन आसमान में गहरे काले बादल छाए रहे। दिनभर रुक-रुक कर बूंदाबांदी भी हुई। जिले में पिछले 24 घंटे में दो मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। इस दौरान दिन का तापमान 5.2 डिग्री सेल्सियस नीचे लुढ़क गया। बुधवार को दिन का अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस नीचे रहा। हालांकि इस दरम्यान रात के तापमान में जरूर इजाफा हुआ है।

बीते 24 घंटे में रात के न्यूनतम तापमान में 2.3 डिग्री सेल्सियस का इजाफा हुआ। बुधवार को रात का न्यूनतम तापमान 14.7 डिग्री सेल्सियस हो गया। यह सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक है। बुधवार को सुबह की शुरुआत मानसूनी रही। मंगलवार से आसमान में छाए बादल बुधवार को और गहरे काले हुए। सुबह से सर्द हवाएं चलीं। रिमझिम फुहारें गिरती रहीं। रुक-रुक कर कई चक्र में बूंदाबांदी हुई। मंगलवार को दिन का अधिकतम तापमान 26.0 डिग्री सेल्सियस था। बुधवार को यह लुढ़क कर 20.8 डिग्री सेल्सियस हो गया। यह सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस कम है। इस दौरान अधिकतम और न्यूनतम आद्रता में भी बढ़ोतरी हुई है।

बुधवार को अधिकतम आद्रता 83 फीसदी व न्यूनतम आद्रता 75 फीसदी रही। जबकि मंगलवार को यह क्रमश 81 फीसदी और 46 फीसदी थी। पिछले मंगलवार को 0.8 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई थी। बुधवार को दो मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। हवा में नमी बढ़ने से गलन बढ़ गई है। मौसम विभाग के विशेषज्ञों के मुताबिक बुधवार को हल्के बादल छाए रहेंगे। दिन चढ़ने के साथ सूरज निकलेगा। दिन के तापमान में इजाफा होगा। रात के न्यूनतम तापमान में गिरावट हो सकती है।

18 के बाद फिर बदल सकता है मौसम
वहीं वाराणसी में पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता कम हो गई है। गुरुवार दोपहर बाद से आसमान साफ होगा। तापमान अब धीरे-धीरे बढ़ेगा। हालांकि 18 फरवरी के बाद मौसम में फिर बदलाव का संकेत है। मंगलवार आधी रात के बाद तक भयानक चमक और गरज के साथ बारिश हुई। इससे बुधवार सुबह सिहरन महसूस हो रही थी। पिछले 24 घंटे में 5.1 मिमी वर्षा दर्ज की गई। बुधवार को दिन भर बादल छाये रहे लेकिन बरसे नहीं। धूप नहीं निकली। दिन का तापमान 22.2 और रात का तापमान 16.5 डिग्री सेल्सियस था। मौसम वैज्ञानिक प्रो. एसएन पांडेय ने बताया कि पीछे एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। चार दिन बाद फिर बदलाव की संभावना है। बारिश के बाद शहर ग्रीन जोन में बारिश के बाद शहर की हवा साफ हो गई है। इस समय शहर ग्रीन जोन में है। सबसे ज्यादा प्रदूषित मलदहिया में एक्यूआई घटकर 38 पर पहुंच गया।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया The Lucknow Tribune के  Facebook  पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें... -------------------------
E-Paper