उत्तर प्रदेशराज्य

यूपी में आपदा पीड़ितों के साथ खड़ी योगी सरकार, राहत कार्यों में तेजी के सख्त निर्देश जारी

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में आंधी, आकाशीय बिजली और अतिवृष्टि से प्रभावित परिवारों के लिए योगी सरकार ने राहत कार्यों को तेज कर दिया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने साफ निर्देश दिए हैं कि आपदा की इस घड़ी में सरकार पूरी मजबूती के साथ जनता के साथ खड़ी है और राहत कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

प्रभारी मंत्री करेंगे मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा

मुख्यमंत्री के निर्देश पर सभी जिलों के प्रभारी मंत्रियों को प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करने और पीड़ित परिवारों से सीधे मुलाकात करने को कहा गया है। इन दौरों के जरिए न सिर्फ हालात का आकलन किया जाएगा, बल्कि राहत कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा होगी। सरकार का फोकस यह सुनिश्चित करना है कि हर प्रभावित परिवार तक मदद समय पर पहुंचे।

शासन स्तर पर लगातार निगरानी, जिलाधिकारियों को सख्त निर्देश

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दिया है कि प्रभावित लोगों को तत्काल राहत राशि उपलब्ध कराई जाए और किसी भी प्रकार की देरी स्वीकार नहीं होगी। शासन स्तर पर पूरे राहत अभियान की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है ताकि सहायता व्यवस्था में कोई कमी न रहे और जरूरतमंदों तक तुरंत मदद पहुंचे।

बुनियादी सेवाओं की बहाली को प्राथमिकता

सीएम योगी ने राहत और बचाव कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए बिजली, पेयजल और स्वास्थ्य सेवाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी जाए और आमजन को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। सरकार का स्पष्ट संदेश है कि जनता की सुरक्षा और सहायता सर्वोच्च प्राथमिकता है।

19 जिलों में नुकसान की सूचना

प्रदेश के बाराबंकी, बहराइच, कानपुर देहात, बस्ती, संभल, हरदोई, उन्नाव समेत 19 जिलों में जनहानि, पशुहानि और फसल क्षति की जानकारी सामने आई है। कई स्थानों पर मकानों के क्षतिग्रस्त होने की भी सूचना है, जिसके बाद राहत टीमें सक्रिय कर दी गई हैं।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------