योगी सरकार की ‘एआई फॉर ऑल’ पहल से युवाओं को मिलेगा भविष्य की तकनीक का प्रशिक्षण, डिजिटल इंडिया मिशन को मिलेगी रफ्तार
उत्तर प्रदेश सरकार ने युवाओं को भविष्य की तकनीकों से जोड़ने और उन्हें रोजगार व स्वरोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने के लिए ‘एआई फॉर ऑल’ पहल को पूरे प्रदेश में लागू कर दिया है। इस कार्यक्रम के तहत नागरिकों को निःशुल्क आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) प्रशिक्षण दिया जा रहा है, जिससे उन्हें डिजिटल अर्थव्यवस्था के लिए तैयार किया जा सके।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में यह पहल प्रदेश में डिजिटल स्किलिंग मिशन का हिस्सा बनकर तेजी से आगे बढ़ रही है। इस अभियान का संचालन उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन द्वारा किया जा रहा है, जिसे वैश्विक आईटी संस्था ओरेकल यूनिवर्सिटी के सहयोग से लागू किया गया है।

सरकार के अनुसार इस महत्वाकांक्षी कार्यक्रम की शुरुआत 13 अप्रैल 2026 को मुजफ्फरनगर में आयोजित वृहद रोजगार मेले के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा की गई थी। इसका उद्देश्य युवाओं, छात्रों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों को आधुनिक तकनीकी ज्ञान से लैस करना है।
व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आज वैश्विक रोजगार और उद्योग संरचना में बड़ा बदलाव ला रहा है। ऐसे में प्रदेश सरकार का लक्ष्य है कि उत्तर प्रदेश का युवा तकनीकी रूप से सक्षम बनकर नए अवसरों का लाभ उठा सके।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि इस योजना का गांव, कस्बों और शहरों तक व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग इस निःशुल्क प्रशिक्षण से जुड़ सकें। सरकार का फोकस पारंपरिक रोजगार के साथ-साथ भविष्य की जरूरतों के अनुसार युवाओं को तैयार करना है।

इस पहल के तहत ‘एआई फॉर यू: ट्रेनिंग एंड असेसमेंट’ कोर्स लगभग तीन घंटे का ऑनलाइन प्रशिक्षण कार्यक्रम है। प्रशिक्षण पूरा करने के बाद प्रतिभागियों का ऑनलाइन मूल्यांकन किया जाता है और सफल उम्मीदवारों को प्रमाणपत्र प्रदान किया जाता है, जो उनके करियर में सहायक होगा।
कौशल विकास मिशन के मिशन निदेशक पुलकित खरे के अनुसार इस योजना को जन-जन तक पहुंचाने के लिए सभी जिला कार्यक्रम इकाइयों को अधिकतम पंजीकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। इच्छुक अभ्यर्थी आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से निःशुल्क पंजीकरण कर घर बैठे यह प्रशिक्षण प्राप्त कर सकते हैं।
