बिजनेसलाइफस्टाइल

₹5 हजार की EMI में घर ला सकते हैं दमदार बाइक, रॉयल एनफील्ड हंटर को देती है कड़ी टक्कर

भारतीय दोपहिया बाजार में मॉडर्न-रेट्रो स्टाइल की मोटरसाइकिलों की मांग लगातार बढ़ रही है। इसी सेगमेंट में टीवीएस की एक बाइक ने खास पहचान बनाई है, जिसे कंपनी ने साल 2022 में लॉन्च किया था। इस मोटरसाइकिल के साथ कंपनी ने प्रीमियम लाइफस्टाइल सेगमेंट में कदम रखा था। अपने आकर्षक मॉडर्न-रेट्रो डिजाइन और नई तकनीक वाले फीचर्स की वजह से यह बाइक कंपनी के लिए कमाई का मजबूत जरिया बन गई है और बाजार में तेजी से लोकप्रिय हो रही है।

यह बाइक 225.9 सीसी इंजन के साथ आती है और इसकी कीमत 1.26 लाख रुपये से लेकर 1.60 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) के बीच रखी गई है। कंपनी इसे कई आकर्षक रंगों में पेश करती है, जिनमें लाइटनिंग ब्लैक, मैग्मा रेड, ग्लेशियर सिल्वर, चारकोल एम्बर, निंबस ग्रे और मिडनाइट ब्लू जैसे विकल्प शामिल हैं। अगर आप इस बाइक को खरीदने की योजना बना रहे हैं और जानना चाहते हैं कि इसे खरीदने के लिए हर महीने कितनी किस्त देनी होगी, तो इसके फाइनेंस प्लान की जानकारी आपके लिए काम की हो सकती है।

कीमत और EMI का पूरा गणित

ईएमआई का अनुमान लगाने के लिए बाइक के टॉप वेरिएंट की कीमत 1,60,140 रुपये (एक्स-शोरूम) मानी गई है। लोन अमाउंट को बाइक की पूरी एक्स-शोरूम कीमत के बराबर यानी 100 प्रतिशत माना गया है। इसके साथ ब्याज दर 9.5 प्रतिशत और लोन चुकाने की अवधि 12 महीने, 24 महीने और 36 महीने रखी गई है।

इस हिसाब से यदि कोई ग्राहक 12 महीने के लिए लोन लेता है तो उसे हर महीने लगभग 14,042 रुपये की किस्त देनी होगी। वहीं 24 महीने की अवधि चुनने पर मासिक ईएमआई करीब 7,353 रुपये बनती है। अगर ग्राहक 36 महीने का लोन विकल्प चुनता है तो हर महीने लगभग 5,130 रुपये की ईएमआई देनी पड़ेगी। यानी करीब पांच हजार रुपये की मासिक किस्त में यह बाइक खरीदी जा सकती है।

बाइक में मिलते हैं कई आधुनिक फीचर्स

इस मोटरसाइकिल में मॉडर्न डिजाइन के साथ कई एडवांस फीचर्स का अच्छा मेल देखने को मिलता है। इसमें फुल एलईडी लाइटिंग सिस्टम दिया गया है। इसके अलावा साइड में लगा एलसीडी इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर मिलता है, जिसमें स्मार्टफोन कनेक्टिविटी की सुविधा भी उपलब्ध है।

सुरक्षा और राइडिंग को बेहतर बनाने के लिए बाइक में दो एबीएस मोड दिए गए हैं, जिनमें रेन और रोड शामिल हैं। इसके साथ ग्लाइड थ्रू टेक्नोलॉजी भी दी गई है, जो ट्रैफिक में राइडिंग को आसान बनाती है। सस्पेंशन की बात करें तो इसमें आगे यूएसडी फोर्क और पीछे मोनोशॉक सस्पेंशन मिलता है। वहीं बेहतर ब्रेकिंग के लिए आगे और पीछे दोनों पहियों में डिस्क ब्रेक दिए गए हैं और एबीएस को स्टैंडर्ड फीचर के रूप में शामिल किया गया है।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------