एम्स रायबरेली में गैस्ट्रोएंटरोलॉजी विभाग शुरू, सोमवार-गुरुवार को होगी ओपीडी; पेट और लिवर के मरीजों को मिलेगी विशेषज्ञ सुविधा

रायबरेली: एम्स रायबरेली में सोमवार को कार्यकारी निदेशक प्रो. (डॉ.) अमिता जैन ने गैस्ट्रोएंटरोलॉजी विभाग की ओपीडी का शुभारंभ किया। इस अवसर पर अपर चिकित्सा अधीक्षक डॉ. नीरज कुमार श्रीवास्तव, वित्तीय सलाहकार कर्नल उपेंद्र नाथ राय, डॉ. मधुकर मित्तल, डॉ. अर्चना वर्मा, डॉ. सुनीता सिंह, डॉ. कुमार धर्मेंद्र सिंह, डॉ. गौरव त्रिवेदी, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी अरविंद शुक्ला, गैस्ट्रोएंटरोलॉजी विशेषज्ञ डॉ. साई प्रताप रेड्डी समेत अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

ओपीडी में पेट, आंत और लिवर से जुड़ी बीमारियों का इलाज
एम्स रायबरेली में क्षेत्र की जनता को उच्चस्तरीय और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार नई सेवाओं का विस्तार किया जा रहा है। इसी क्रम में गैस्ट्रोएंटरोलॉजी विभाग में नए संकाय सदस्य के जुड़ने के बाद ओपीडी और आईपीडी सेवाएं शुरू की गई हैं।
गैस्ट्रोएंटरोलॉजी ओपीडी प्रत्येक सोमवार और गुरुवार को अस्पताल भवन के प्रथम तल स्थित कमरा नंबर 184 में संचालित होगी। यहां पेट, आंत, लिवर और पाचन तंत्र से संबंधित रोगों से पीड़ित मरीजों को विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श और उपचार की सुविधा उपलब्ध होगी।
-------------------------------------------------------------------------------------------
दूर-दराज के अस्पतालों की दौड़ होगी कम
नई सुविधा शुरू होने से क्षेत्र के मरीजों को गैस्ट्रोएंटरोलॉजी से जुड़ी समस्याओं के उपचार के लिए दूर-दराज के अस्पतालों का रुख करने की जरूरत कम होगी। ओपीडी के साथ आईपीडी सेवाएं भी शुरू किए जाने से संबंधित मरीजों को संस्थान में ही विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधा मिलने का रास्ता आसान हुआ है।
कार्यकारी निदेशक ने कहा कि गैस्ट्रोएंटरोलॉजी सेवाओं का विस्तार क्षेत्र के मरीजों के लिए महत्वपूर्ण सुविधा है। संस्थान की ओर से भविष्य में भी जनहित को ध्यान में रखते हुए आधुनिक और विशेष चिकित्सा सेवाओं का लगातार विस्तार किया जाता रहेगा।

