Wednesday, September 2, 2026
Latest:
उत्तर प्रदेशराज्य

नौकरी की तलाश में गांव से नोएडा आया था युवक, कुछ घंटों में ही छिन गई जिंदगी! चोरी के शक में पीट-पीटकर हत्या, 5 गिरफ्तार

नोएडा: बेहतर रोजगार की तलाश में गांव से शहर आए 27 वर्षीय युवक ने शायद ही सोचा होगा कि नोएडा पहुंचने के कुछ ही घंटों बाद उसकी जिंदगी खत्म हो जाएगी। उत्तर प्रदेश के हरदोई से नौकरी की तलाश में आए प्रमोद कुमार की चोरी के शक में लात-घूंसों से पीटकर हत्या कर दी गई। सोमवार रात हुई इस घटना के बाद पुलिस ने मंगलवार को पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एक नाबालिग को भी हिरासत में लिया गया है।

परिजनों के मुताबिक प्रमोद ने आठवीं कक्षा तक पढ़ाई की थी। परिवार में उसके दो भाई और चार बहनें हैं। वह हरदोई के संडीला गांव का रहने वाला था। प्रमोद अपने गांव के परिचित नीरज लोधी के पास नोएडा के फेज वन थाना क्षेत्र स्थित हरौला गांव पहुंचा था। नीरज सुरेंद्र अवाना के मकान में किराये पर रहता है। प्रमोद का चचेरा भाई सुशील और गांव का विजय भी आसपास अलग-अलग कमरों में रहते हैं।

मोबाइल चोरी के शक में हुआ विवाद

सोमवार दोपहर प्रमोद नीरज के कमरे के आसपास मौजूद था। इसी दौरान सुरेंद्र अवाना के मकान में रहने वाले एक व्यक्ति ने उस पर चोरी का शक जताया। आरोप लगाया गया कि प्रमोद ने उसकी पत्नी का मोबाइल फोन चोरी किया है। इस आरोप को लेकर वहां विवाद और हंगामा शुरू हो गया।

माहौल बिगड़ता देख प्रमोद वहां से भाग गया। रात करीब 10 बजे वह दोबारा उसी इलाके में पहुंचा। आरोप है कि पहले से नाराज लोगों ने उसे घेर लिया और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। लात-घूंसों से की गई पिटाई में प्रमोद गंभीर रूप से घायल हो गया और लहूलुहान हालत में पड़ा रहा।

अस्पताल पहुंचने से पहले चली गई जान

मारपीट की जानकारी मिलने के बाद नीरज, सुशील और विजय मौके पर पहुंचे। तीनों प्रमोद को जिला अस्पताल लेकर गए, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद पुलिस ने सोमवार रात करीब दो बजे से मंगलवार सुबह छह बजे के बीच 15 संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के बाद पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक नाबालिग को भी हिरासत में लिया गया है।

-------------------------------------------------------------------------------------------

पांच आरोपियों की हुई गिरफ्तारी

पुलिस ने 30 वर्षीय संतोष कुमार मंडल, 23 वर्षीय करण कुमार मंडल, 48 वर्षीय सुरेश मंडल, 19 वर्षीय रौनक कुमार मंडल और 22 वर्षीय निखिल उर्फ ब्रेवो को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार संतोष और करण मूलरूप से बिहार के सुपौल के रहने वाले हैं। सुरेश और रौनक मधुबनी के निवासी हैं, जबकि निखिल उर्फ ब्रेवो आरा का रहने वाला है। आरोपी भी नोएडा में किराये पर रहते हैं।

ज्यादा कमाई की उम्मीद में नोएडा आया था प्रमोद

प्रमोद के पिता रामजीवन ने बताया कि उनका बेटा भाइयों में सबसे बड़ा था और उसकी शादी नहीं हुई थी। वह हरदोई के संडीला में जरदोजी कारीगरी का काम करता था। ज्यादा कमाई की उम्मीद में वह नोएडा आया था और सोमवार को ही अपने परिचित के कमरे पर पहुंचा था।

घटना के बाद परिवार सदमे में है। परिजन प्रमोद का शव लेकर अपने गृह जनपद रवाना हो गए। वहीं, जिस मोबाइल फोन की चोरी का आरोप लगाकर प्रमोद के साथ मारपीट की गई, वह आरोप सही था या नहीं, पुलिस इसकी भी जांच कर रही है।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------